श्रीदेवी हिंदी सिनेमा की सुपरस्टार एक्ट्रेस नही हैं. उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं और कई सुपरस्टार के साथ काम किया. श्रीदेवी अपनी जिंदगी के आखिरी समय तक फिल्मों से जुड़ी रहीं. अब श्रीदेवी की उस फिल्म सीक्वल आने वाला है, जिसका बजट सिर्फ 30 करोड़ रुपये था और फिल्म ने 150 करोड़ रुपये की कमाई की है. फिल्म की इस सीक्वल में 25 साल की एक्ट्रेस लीड रोल में नजर आने वाली है. यह फिल्म इस साल रिलीज होने वाली है.
ये भी पढ़ें: जिस फिल्म को गोविंदा ने कहा था 'NO', उसी ने अनिल कपूर को बना दिया सुपरस्टार, 50 हफ्तों तक थिएटर्स में मचा रहा जलवा
कौन सी फिल्म की सीक्वल
दरअसल हम बात कर रहे हैं फिल्म 'मॉम' की सीक्वल की. 2017 की थ्रिलर फिल्म 'मॉम' में श्रीदेवी की परफॉर्मेंस उनके करियर के सबसे यादगार किरदारों में से एक रही है. अब, उनकी बेटी खुशी कपूर इस फिल्म के सीक्वल में काम करके अपनी मां को श्रद्धांजलि देने के लिए तैयार हैं. खुशी ने जोया अख्तर की फिल्म 'द आर्चीज' में बेट्टी के तौर पर एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था, लेकिन 'नादानियां' और 'लवयापा' जैसी फिल्मों के खराब प्रदर्शन से उन्हें निराशा का सामना करना पड़ा. उन बातों को पीछे छोड़ते हुए, खुशी अब 'मॉम 2' के साथ एक नए और उम्मीद भरे सफर की शुरुआत कर रही हैं.
कहां हुई मॉम 2 की शूटिंग
'फ्री प्रेस जर्नल' की एक रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म इस साल नवंबर में सिनेमाघरों में रिलीज हो सकती है. उनके पिता बोनी कपूर द्वारा प्रोड्यूस की जा रही 'मॉम 2' की शूटिंग नोएडा और ग्रीस में बड़े पैमाने पर की गई है और इसमें जिशु सेनगुप्ता और करिश्मा तन्ना भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. खुशी कपूर की बात करें तो, वह समझती हैं कि 'मॉम 2' के जरिए वह उस सपने को आगे बढ़ा रही हैं जो उनका और श्रीदेवी, दोनों का था.
मॉम का कलेक्शन
फिल्म की झलकियां देखने वाले एक सूत्र ने कहा, 'खुशी अपनी परफॉर्मेंस से सबको हैरान कर देंगी. ऐसा लगेगा जैसे खुशी कपूर कोई बिल्कुल नई एक्ट्रेस हों. वैसे तो आमतौर पर उनकी बहन जाह्नवी की तुलना उनकी मां से की जाती है, लेकिन इस बार खुशी ने इस इमोशनल-थ्रिलर फिल्म में अपना बेस्ट देकर सबको हैरानी में डाल दिया है. और हां, आप उनमें श्रीदेवी की झलक देख सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे जाह्नवी में दिखती है.' रवि उद्यावर के निर्देशन में बनी ओरिजिनल 'मॉम' फिल्म श्रीदेवी के लंबे करियर की आखिरी फिल्म थी. इस फिल्म का बजट 30 करोड़ रुपये था और फिल्म ने 150 करोड़ रुपये की कमाई की थी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं