एक्ट्रेस और फिल्म-निर्माता पूजा भट्ट ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 1993 में आई फिल्म 'पहला नशा' से जुड़ी यादें शेयर करते हुए एक पोस्टर शेयर किया है. पूजा भट्ट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर फिल्म का पुराना पोस्टर शेयर किया है, जिसमें उनके साथ दीपक तिजोरी और रवीना टंडन के साथ नजर आ रही हैं. एक्ट्रेस ने इंस्टा पोस्ट पर लिखा, " दीपक तिजोरी देखो मुझे क्या मिला." इसके साथ ही उन्होंने हैशटैग 'पहला नशा' भी लिखा.
1993 में रिलीज हुई थी पहला नशा
बता दें कि फिल्म 'पहला नशा' 13 अगस्त 1993 को रिलीज हुई थी. निर्माता आशुतोष गोवारिकर की यह पहली निर्देशित फिल्म थी, जिन्होंने लगान, स्वदेश और जोधा अकबर जैसी फिल्में बनाई है. इस फिल्म का निर्माण मोहम्मद ए. रहीम और वायरल शाह ने अहलान प्रोडक्शंस के बैनर तले किया था. हालांकि फिल्म 'पहला नशा' बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप साबित हुई थी. खबरों के मुताबिक, यह फिल्म ब्रायन डी पाल्मा की फिल्म 'बॉडी डबल' से प्रेरित थी. ऐसा कहा जाता है कि फिल्म का शीर्षक कल्ट क्लासिक फिल्म 'जो जीता वही सिकंदर' के गीत 'पहला नशा' से लिया गया था.
पहली बार साथ नजर आए थे शाहरुख-आमिर

इस फिल्म में आमिर खान, शाहरुख खान, सैफ अली खान, जूही चावला और राहुल रॉय ने भी यादगार कैमियो भूमिकाएं निभाईं. खास बात यह है कि यह पहली और आखिरी बार था जब आमिर-शाहरुख साथ किसी फिल्म में नजर आए, जिसमें कैमियो भी शामिल है.
रवीना टंडन को मिली थी फीस के बदले कार

IMdb के अनुसार, रवीना टंडन को स्पेशल अपीयरेंस का क्रेडिट दिया जाएगा, जिसके लिए वह राजी भी थीं. लेकिन बाद में प्रोड्यूसर्स ने कहा कि डिस्ट्रिब्यूटर्स फिल्म को हाथ नहीं लगा रहे और वह चाहते हैं कि दो हीरोइनों के साथ फिल्म को प्रमोट किया जाए. यहां तक कि प्रोड्यूसर्स के पास रवीना टंडन को फीस देने के पैसे नहीं थे, जिसके चलते एक्ट्रेस ने गुजारिश की कि वह उन्हें कार दिला दें, जो शर्त मेकर्स ने मान ली और उन्हें टाटा सियेरा दिलाई.
पूजा भट्ट और रवीना टंडन के बारे में
पूजा भट्ट की बात करें तो एक्ट्रेस 'दिल है कि मानता नहीं', 'सड़क', 'सर' और 'जख्म' जैसी फिल्मों से उन्हें पहचान मिली. वहीं, दीपक तिजोरी को 'जो जीता वही सिकंदर', 'कभी हां कभी ना' और 'आशिकी' जैसी फिल्मों से पहचान मिली. एक्ट्रेस रवीना टंडन की बात करें तो, 'मोहरा', 'दिलवाले', 'अंदाज अपना-अपना' और 'दूल्हे राजा' जैसी फिल्मों से अपनी एक अलग पहचान बनाई.
ये भी पढ़ें- सुनील ग्रोवर ने फिर किया हैरान, अब बने डोनाल्ड ट्रंप, लेकिन ऋषभ पंत ने दिखाई असलियत! अर्चना पूरन सिंह बोलीं-OMG
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं