फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर निर्देशक रोहित शेट्टी को एक बार फिर धमकी मिली. इस बार उनसे एक कथित ऑडियो क्लिप के जरिए 20 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है. इस ऑडियो में कहा गया है कि अगर रकम नहीं दी गई तो इस बार निशाना सीधे रोहित शेट्टी होंगे. इस घटना के सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच पूरी तरह से अलर्ट मोड में आ गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. इस ऑडियो क्लिप में कहा गया है कि रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर पर पहले जो फायरिंग हुई थी, वह सिर्फ एक ट्रेलर था. अगर इस बार मांगी गई रकम नहीं दी गई, तो गोली सीधे फिल्ममेकर को निशाना बनाएगी.
जानकारी के मुताबिक, यह लगभग 90 सेकंड लंबा ऑडियो क्लिप शनिवार सुबह रोहित शेट्टी के स्टाफ को मिला था. स्टाफ ने बिना देरी किए इस क्लिप को पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद जुहू पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करने की जांच प्रक्रिया शुरू की गई. शुरुआती जांच में ऑडियो में आवाज की पहचान की गई तो वह कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी सहयोगी शुभम लोणकर से मिलती-जुलती पाई गई.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शुभम लोणकर का नाम पहले भी कई गंभीर मामलों में सामने आ चुका है. वह 2024 में हुई नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या और इसी साल रोहित शेट्टी के घर पर हुई फायरिंग के मामले में भी वांटेड है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस आवाज की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और इसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है.
यह भी पढ़ें: गोविंदा पर सुनीता आहूजा ने चलाई थी गोली! लॉकअप सीजन-2 के पहले एपिसोड में बताया क्या कहा गया और क्या था सच
मुंबई क्राइम ब्रांच के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रोहित शेट्टी के स्टाफ द्वारा यह धमकी भरा ऑडियो पुलिस को सौंप दिया गया है और इसे गंभीरता से लिया जा रहा है. फिलहाल सभी तकनीकी पहलुओं पर जांच चल रही है और ऑडियो क्लिप के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. जैसे ही फॉरेंसिक रिपोर्ट सामने आएगी, मामले में आगे की कार्रवाई तेज कर दी जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं