एक्ट्रेस और पूर्व वीडियो जॉकी (वीजे) रिया चक्रवर्ती वो नाम है, जिन्होंने न सिर्फ मेहनत बल्कि मुश्किल वक्त में भी हार न मानने की मिसाल पेश की है. 2020 में 27 दिन जेल में काटने से लेकर 2026 तक करोड़ों का कारोबार खड़ा करने के लिए उन्होंने पूरी शिद्दत के साथ काम किया. रिया चक्रवर्ती का जन्म 1 जुलाई 1992 को बंगाली परिवार में हुआ था. उनके पिता इंद्रजीत चक्रवर्ती आर्मी अधिकारी रहे हैं. शुरुआती शिक्षा उन्होंने अंबाला कैंट के आर्मी पब्लिक स्कूल से पूरी की.
करियर की शुरुआत
रिया चक्रवर्ती ने 2009 में एमटीवी रियलिटी शो ‘टीवीएस स्कूटी टीन दिवा' से पहचान बनाई, जहां वह पहली रनर-अप रहीं. इसके बाद उन्होंने ‘टिकटैक कॉलेज बीट', ‘एमटीवी गॉन इन 60 सेकंड्स' और ‘एमटीवी रोडीज' जैसे पॉपुलर शोज में होस्टिंग की. 2012 में तेलुगु फिल्म ‘तुनीगा तुनीगा' से एक्टिंग की शुरुआत करने के बाद, 2013 में ‘मेरे डैड की मारुति' से बॉलीवुड डेब्यू भी किया. उन्होंने ‘सोनाली केबल', ‘जलेबी', ‘बैंक चोर' और ‘चेहरे' जैसी फिल्मों में काम किया. लेकिन बॉलीवुड में उन्हें उस तरह की कामयाबी नहीं मिल सकी.

2020 का मुश्किल दौर
रिया चक्रवर्ती की लाइफ का सबसे मुश्किल दौर शुरू हुआ 2020 में. सुशांत सिंह राजपूत की असामयिक मौत के बाद रिया का जीवन पूरी तरह बदल गया. दरअसल, रिया उस समय सुशांत को डेट कर रही थी, लेकिन सुशांत की संदिग्ध मौत से वह कई सवालों के घेरे में आ गईं. इस मामले में उन्हें 27 दिन जेल में काटने पड़ेय. लगभग 5 वर्षों के मुश्किल समय के बाद केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रिया को सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में मार्च 2025 में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर क्लीन चिट दे दी.

रिया चक्रवर्ती और सुशांत सिंह राजपूत
नई शुरुआत
फिल्म इंडस्ट्री में काम मिलना बंद होने के बाद रिया ने 2023 में अपने भाई शौविक के साथ स्ट्रीटवियर फैशन ब्रांड ‘चैप्टर 2 ड्रिप' शुरू किया. ओवरसाइज्ड टी-शर्ट, हुडी और यूनिसेक्स कपड़ों पर आधारित यह ब्रांड बहुत कम समय में सफल हो गया और इसकी वैल्यूएशन करोड़ों में पहुंच गई.
रिया चक्रवर्ती की कहानी सिर्फ सफलता की नहीं, बल्कि मुश्किल वक्त में भी आगे बढ़ने की ताकत की मिसाल है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं