अभिनेता रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2: द रिवेंज रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाती नजर आ रही है. निर्देशक आदित्य धर की इस स्पाई थ्रिलर के लिए दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है. फिल्म की एडवांस बुकिंग इतनी तेज चल रही है कि रिलीज से करीब 9 दिन पहले ही इसने लगभग 24 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है. ट्रेड रिपोर्ट के मुताबिक फिल्म के पेड प्रीव्यू और ब्लॉक बुकिंग को मिलाकर यह आंकड़ा 23.90 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है. टिकट बिक्री की रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि रिलीज से पहले ही यह कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकती है और ओपनिंग डे पर भी धमाकेदार शुरुआत कर सकती है.
हिंदी वर्जन से आई सबसे ज्यादा कमाई
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म की एडवांस बुकिंग में हिंदी वर्जन का सबसे बड़ा योगदान है. हिंदी वर्जन ने करीब 3.24 लाख टिकट बेचकर लगभग 18.18 करोड़ रुपये की कमाई की है. इसके अलावा डॉल्बी सिने फॉर्मेट से भी थोड़ी अतिरिक्त कमाई दर्ज की गई है. हिंदी के बाद तमिल डब वर्जन ने करीब 15,000 से ज्यादा टिकट बेचकर लगभग 23.61 लाख रुपये का कलेक्शन किया है. इससे साफ है कि फिल्म को हिंदी बेल्ट के साथ-साथ साउथ में भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है.
साउथ भाषाओं में भी मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
तमिल के बाद तेलुगु वर्जन ने लगभग 7,800 टिकट बेचकर करीब 18.58 लाख रुपये कमाए हैं. हालांकि तेलुगु में फिल्म को थोड़ी टक्कर पवन कल्याण की फिल्म उस्ताद भगत सिंह से मिल रही है, जो उसी दिन रिलीज होने वाली है. वहीं कन्नड़ वर्जन ने अभी तक करीब 479 टिकट बेचकर लगभग 2.04 लाख रुपये का कलेक्शन किया है, जबकि मलयालम वर्जन ने करीब 936 टिकटों से लगभग 2.26 लाख रुपये की कमाई की है.
‘स्त्री 2' का रिकॉर्ड भी तोड़ा
एडवांस बुकिंग के मामले में धुरंधर 2: द रिवेंज ने बॉलीवुड की बड़ी फिल्म स्त्री 2 को भी पीछे छोड़ दिया है. अमर कौशिक के निर्देशन में बनी ‘स्त्री 2' ने पेड प्रीव्यू से करीब 10 करोड़ रुपये कमाए थे, जबकि ‘धुरंधर 2' इस आंकड़े को काफी पीछे छोड़ चुकी है. फिल्म अभी रिलीज से पहले ही रिकॉर्ड के करीब पहुंच गई है और उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में एडवांस बुकिंग और तेजी से बढ़ेगी. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि यह फिल्म ओपनिंग वीकेंड पर भी बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रच सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं