आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर' के दोनों पार्ट ने थिएटर में बवाल मचा रखा है. दिसंबर में रिलीज हुए इसके पहले पार्ट से लेकर, मार्च में आए इसके दूसरे पार्ट तक, महीनों से लोगों की जुबान पर सिर्फ एक ही फिल्म का नाम बना हुआ है और वो है ‘धुरंधर'. फिल्म में रणवीर सिंह की एक्टिंग, उनके लुक, उनके बालों पर तो सब फिदा हैं ही, लेकिन उनके अलावा एक और एक्टर हैं जिन्होंने सबका दिल जीत लिया है. हालांकि ये एक्टर कोई नया कलाकार नहीं है, लेकिन इस फिल्म में उन्होंने जो कमाल की एक्टिंग की है लोग उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं.
डेविड धवन भी हुए इस एक्टर के कायल
अगर आप नहीं समझ पा रहे हैं तो हम आपको बता देते हैं हम बात कर रहे हैं राकेश बेदी (Rakesh Bedi) की. यूं तो राकेश बेदी बहुत पुराने कलाकार हैं, लेकिन ‘धुरंधर' ने उन्हें जो शोहरत दी है वो उनके करियर में उन्हें अब तक नहीं मिली. आम लोग तो छोड़िए बड़े-बड़े स्टार्स तक उनकी तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. अभी हाल ही में डायरेक्टर डेविड धवन ने भी राकेश बेदी की खूब तारीफ की है.
‘तेरी तो चाल ही बदल गई है यार'
बॉलीवुड हंगामा से बात करते हुए डेविड धवन (David Dhawan) ने कहा, ‘हमारी दोस्ती 50 साल पुरानी है. उन्होंने मेरी कई फिल्मों में काम किया है. वो अपकमिंग फिल्म में भी हैं. मैंने उनसे कहा, 50 साल पहले लोग तुम्हें पहचानते नहीं थे, अब जाकर तुम्हें पहचान रहे हैं. वो एक बेहतरीन एक्टर हैं, वो हमेशा से ही एक अच्छे एक्टर रहे हैं. मैंने उनसे कहा, 'तुम 70 साल के हो रहे हो और अब तुम्हें पहचान मिल रही है. लेकिन यह बहुत अच्छी बात है. वो पूरी तरह से इस पहचान के हकदार हैं'.
यह भी पढ़ें: Michael Advance Booking: माइकल फिल्म की भारत में धमाकेदार एडवांस बुकिंग, ओपनिंग वीकेंड के बिके 1.10 लाख टिकट
क्या धुरंधर की सक्सेस के बाद राकेश बेदी में कुछ बदलाव आया?
इस सवाल के जवाब में डेविड ने कहा, ‘आप उसकी चाल में अब वो स्पार्क देख सकते हैं जिस तरह वो चल रहे हैं. मैंने कहा उनसे, 'यार तेरी तो चाल बदल गई'. वैसे आपको बता दूं हमारी बात होती रहती है. वह मेरा क्लासमेट है, FTII में हमारी रैगिंग भी हुई थी. यह कमाल है.'
इस फिल्म में नजर आएंगे ‘धुरंधर' के ‘जमाली'
आपको बता दें कि धुरंधर की सक्सेस के बाद अब राकेश बेदी डेविड धवन की ही फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है' में नजर आएंगे. इस बात की जानकारी भी डायरेक्टर ने ही इंटरव्यू में दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं