दिग्गज एक्टर राजपाल यादव हाल ही में सुर्खियों में आए, जब दिल्ली की एक अदालत ने कथित रूप से 9 करोड़ रुपये के चेक बाउंस मामले में उनके खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट जारी किया था. यह मामला एक लोन विवाद से जुड़ा है. हालांकि, बाद में अदालत ने उन्हें अंतरिम जमानत दे दी. इस पूरे मामले पर राजपाल यादव ने एक बार फिर खुलकर बात की है. उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय ने उन्हें खुद से और भी ज्यादा जोड़ दिया है.
क्या बोले राजपाल यादव
राजपाल यादव ने हाल ही में बॉलीवुड बबल से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने चेक बाउस केस को लेकर कहा, "मैं अपने आप से और दस गुना ज्यादा जुड़ गया हूं. बचपन से अलग-अलग दौर आते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि यहीं पर विश्वास आ जाता है. यहीं पता चलता है कि आप मानते हो या नहीं."
ये भी पढ़ें: गुल्लक 5 से वैभव राज गुप्ता के बाहर होने की वजह आई सामने, एक्टर ने मेकर्स के सामने रखी थी ये डिमांड
उन्होंने जिदंगी की लड़ाई को एक अखाड़े से जोड़कर समझाया. राजपाल यादव ने कहा कि चाहे मनोरंजन का मैदान हो, जीवन का अखाड़ा हो या खेल का स्टेडियम, हर जगह चुनौतियां आती हैं. जीवन के अखाड़े में जहां मैच चल रहा है, वहां कभी कुछ दिखता है, कभी कुछ और. लेकिन मुश्किल परिस्थितियों का सामना हर किसी को करना ही चाहिए."
मुश्किल समय को किया याद
राजपाल यादव ने जोर देकर कहा कि हर इंसान को मुश्किल समय में साहस और विश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए. "ईश्वर सबको सामना करने की ताकत दे. हर हालत में इंसान को मजबूत होना चाहिए." उन्होंने अपनी ताकत का श्रेय अपनी आस्था और मानसिकता को दिया. दिग्गज एक्टर ने फैंस का भी शुक्रिया अदा किया. उन्होंने कहा कि मुश्किल वक्त में फैंस का प्यार और सपोर्टर उन्हें बहुत ताकत देता है.
राजपाल यादव ने अपने बड़े भाई जैसे अशुतोष राणा का जिक्र करते हुए एक प्रेरणादायक पंक्ति याद की. उन्होंने बताया, "अशुतोष राणा जी अक्सर कहते थे,'जीवन एक जंग है'. और एक लाइन जो मुझे बहुत छूती है- 'फैसला होने से पहले हम भला क्यों हार मानें? जग अभी जीता नहीं है, मैं अभी हारा नहीं हूं.'" इस वाक्य को उन्होंने अपनी मौजूदा स्थिति का सार बताया. राजपाल यादव का कहना है कि अभी मैच खत्म नहीं हुआ है, इसलिए हार मानने का सवाल ही नहीं उठता.
राजपाल यादव की फिल्मों
राजपाल यादव इस समय काम को लेकर काफी व्यस्त हैं. हाल ही में अक्षय कुमार के साथ उनकी फिल्म 'भूत बंगला' रिलीज हुई थी, जिसे अच्छी सफलता मिली. अब वे अक्षय कुमार के साथ 'वेलकम टू द जंगल' में नजर आने वाले हैं. इसके अलावा सलमान खान की एक फिल्म में भी वे काम कर रहे हैं, जिसका ऐलान जल्द ही होने वाला है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं