युद्ध में अकसर बात होती है परमाणु बम की. दुश्मन देश एक दूसरे को इसकी धमकी देते हैं. अमेरिका तो जापान पर इन बमों को आजमा भी चुका है. लेकिन आप जानते हैं कि दुनिया में एक ऐसी घटना भी हो चुकी है जहां बिना किसी हमले और वजह से रेडिएशन फैल गया था. इसी को लेकर बनी वेब सीरीज नेटफ्लिक्स पर रिलीज भी हो गई है. ये 2026 की सबसे चर्चित वेब सीरीज 'रेडियोएक्टिव इमरजेंसी (Radioactive Emergency)' है. ये 18 मार्च को रिलीज हुई है. यह 5 एपिसोड वाली मिनी सीरीज ब्राजील के गोइआनिया में 1987 में हुए 'कैसियम 137' रेडियोएक्टिव एक्सीडेंट पर आधारित है जो दुनिया के सबसे खतरनाक रेडियोलॉजिकल डिजास्टर में से एक था. आइए आपको बताता हूं कि कैसी है ये वेब सीरीज, क्यों देखें?
क्या है सीरीज की खासियत?
यह सच्ची घटना का रोमांचक और इमोशनल री-क्रिएशन है. दो स्क्रैप कलेक्टर्स एक पुराने अस्पताल से एक चमकदार नीला पाउडर (कैसियम 137) निकालते हैं, सोचते हैं कुछ बेचकर पैसे कमा लेंगे. यह पाउडर कोई आम पाउडर नहीं मौत का सामान है. इसकी वजह से पूरा इलाका इसकी जद मे आ जाता है. ये क्या चीज है, इस बारे में कोई नहीं जानता और हर कोई इसे अपने तरीके से देखता है. बच्चे खेलते हैं, लोग इसे घर ले जाते हैं और परिवारों में बांटते हैं. नतीजा? सैकड़ों लोग संक्रमित, चार मौतें, पूरे शहर में दहशत.
इस वेब सीरीज का खास पहलू, इसका मल्टी-लेयर नैरेटिव है. एक तरफ डॉक्टर्स, फिजिसिस्ट्स और इमरजेंसी टीम की रेस-अगेन्स्ट-टाइम है, दूसरी तरफ आम लोगों की कहानियां हैं. कैसे गरीब परिवार, बच्चे और मां संघर्षरत हैं. निर्देशक फर्नांडो कोएम्बरा और क्रिएटर गुस्तावो लिप्स्टीन ने 1980 के ब्राजील को इतने रियलिस्टिक अंदाज से दिखाया है कि लगता है आप खुद गोइआनिया की सड़कों पर खड़े हैं.
यह भी पढ़ें: Jana Nayagan Release Date: सीएम विजय की 'जन नायगन' की रिलीज डेट फिक्स? इस बुकिंग ऐप पर पूरी जानकारी
क्यों देखें यह सीरीज?
आज भी दुनिया में रेडियोएक्टिव मैटीरियल की सुरक्षा बड़ा मुद्दा है. इस सीरीज में दिखाया गया है कि कैसे एक छोटी सी लापरवाही कैसेहजारों जिंदगियों को तबाह कर सकती है. जॉनी मसारो, पाउलो गोरगुल्हो और एना कोस्टा जैसे कलाकारों ने कमाल का काम किया है. खासकर मैडिकल टीम की फ्रस्ट्रेशन, पैनिक और डेडिकेशन को अच्छे से दिखाया गया है. ग्लोइंग पाउडर का सीन, कंटेमिनेशन क्लीनअप, लोगों का पैनिक, हर फ्रेम दहला देता है. सच्ची घटना पर आधारित इस सीरीज को ना ज्यादा लंबा रखा गया है और ना ही बोरिंग होने दिया गया है. खास यह कि इस वेब सीरीज को हिंदी में भी देखा जा सकता है.
अगर आपको चेर्नोबिल और द चेर्नोबिल डायरीज पसंद आ चुकी है तो रेडियोएक्टिव इमरजेंसी कतई मिस ना करें, यह सिर्फ एंटरटेनमेंट नहीं, बल्कि एक वॉर्निंग है कि कैसे विज्ञान की गलतियों की कीमत इंसानियत चुकाती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं