आध्यात्मिक गुरु नीम करोली बाबा के जीवन पर एक बायोपिक बनाई जा रही है. 'हनुमान अंश' नाम की इस फिल्म को डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने लिखा और डायरेक्ट किया है. फिल्म को रागिनी एस, नम्रता सिंह और अनुप्रिया ए. नागर ने प्रोड्यूस किया है. फिल्म हिंदी के साथ-साथ ब्रज और बुंदेली भाषाओं में भी दिखाई जाएगी. इस फिल्म के निर्माताओं को प्रेमानंद महाराज ने एक सलाह दी है. उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में बनाते वक्त मेकर्स को कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए.
क्या बोले प्रेमानंद महाराज
फिल्म की प्रोड्यूसर ए. नागर हाल में वृंदावन जाकर प्रेमानंद महाराज से मिलीं. उन्होंने प्रेमानंद महाराज से पूछा कि हम नीम करोली बाबा पर फिल्म बना रहे हैं. इस पर प्रेमानंद जी महाराज ने कहा, 'ध्यान रहे कि महापुरुषों का अनुकरण करना मुश्किल होता है. कोई सांसारिकता न आए क्योंकि किसी भी महापुरुष के चरित्र को देखकर हमारे अंदर वैराग्य, भक्ति और ज्ञान तीनों बातें आने चाहिए. कहीं किसी महापुरुष के चरित्र में ऐसी, कुछ भी दृश्य या कोई भी ऐसा अभिनय ना दिखाया जाए, जो अपराध लग जाए. जैसे नीम करोली बाबा विरक्त एक महापुरुष भगवत प्राप्त महापुरुष हैं, तो इन महापुरुषों का अनुकरण, एक तो किया नहीं जा सकता क्योंकि स्थिति नहीं है.'
पॉपुलैरिटी के लिए गलत न दिखाएं
प्रेमानंद महाराज ने आगे कहा कि फिल्म को चलाने के लिए इसमें कुछ ऐसा न परोसे जो उनकी छवि को किसी भी तरह से गलत दिखाए. उन्होंने कहा, ‘चाहे लोग देखें या न देखें, जो आपने पढ़ा और सुना है उनके विषय में, ठीक वैसे ही किया जाए, प्रमाणित या अप्रमाणित न किया जाए. अभिनय में कुछ भी सांसारिकता या विषय न परोस दिया जाए लोकप्रियता के लिए, नहीं तो वो अपराध बन जाएगा क्योंकि महापुरुष का चरित्र निर्विषय होता है. हमको ये ध्यान में रखना है कि अभिनय में कहीं कुछ भी दृष्य या एक्ट ऐसा न दिखाया जाए जो अपराध लगे.'
एक्टर करें साधना
प्रेमानंद महाराज ने ये भी कहा कि बाबा नीम करोली का किरदार निभाने वाले एक्टर को कुछ दिन साधना करनी चाहिए. फलाहार पर रहना चाहिए और संतों संग समय बिताना चाहिए. एक्टर के चरित्र में पवित्रता होनी चाहिए, वाणी में मृदुलता होनी चाहिए. उन्हें संतों के बारे में पढ़ना चाहिए. इस तरह से ही आप सच्चाई दिखा पाएंगे, नहीं तो बाहरी नाटक दिखाएंगे लेकिन वह सच्ची नहीं लगेगी.
यह भी पढ़ें: हे बेबी में 17 महीने की थी ये बच्ची, अब 22 साल की ग्लैमरस क्यूट डिंपल गर्ल, 18 साल बाद देख फैंस को हुई खुशी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं