नीना गुप्ता बहुत ही जल्द अपनी फिल्म वध 2 के साथ थियेटर्स में आ रही हैं. इस फिल्म को डायरेक्ट किया है जसपाल सिंधू ने और नीना गुप्ता के साथ संजय मिश्रा लीड रोल में हैं. नीना और संजय ने इससे पहले 2022 में वध में काम किया था. वध 2 उसी सीरीज की अगली फिल्म है. इसमें कलाकार भले ही नए हैं लेकिन कहानी, सस्पेंस और थ्रिल एकदम नया. हाल में एनडीटीवी ने वध 2 की स्टारकास्ट से एक खास बातचीत की. इसमें उन्होंने वध 2 को एक सस्पेंस थ्रिलर से ज्यादा एक लव स्टोरी बताया. हां ट्रेलर देखकर आप कनफ्यूज होंगे लेकिन जिस तरह संजय मिश्रा अपने और नीना गुप्ता के किरदार की दोस्ती और केमिस्ट्री को समझाते हैं यह उनके बीच के एक अनकहे रिश्ते को दिखाताय है.
नीना गुप्ता कपड़े देखकर हुईं अनकम्फर्टेबल?
ये पढ़कर आप सोच रहे होंगे कि खुद एक से बढ़कर एक स्टाइलिश कपड़े पहनने वाली नीना गुप्ता आखिर कैसे किसी ड्रेस को देखकर अनकम्फर्टेबल कह सकती हैं. खैर ये कहानी कोई हमारे मन से बनाई गई नहीं बल्कि नीना ने खुद बताई. दरअसल नीना और संजय मिश्रा ने फिल्म वध 2 के लिए एक फोटोशूट करवाया था. इस फोटोशूट में दोनों चमकीले आउटफिट्स पहने नजर आ रहे हैं. इस बारे में जब हमने नीना से पूछा तो उन्होंने कहा, जैसे ही मैंने वो कॉस्ट्यूम देखा तो मैं हैरान रह गई. मैं शॉर्ट ड्रेसेज पहनती हूं लेकिन इतने चमकीले और ऐसे कपड़े? मैं इसके लेकर बिल्कुल भी श्योर नहीं थी लेकिन फिर मैं मानी और ये किया.
कंवलजीत के साथ दोबारा काम ना करने का मलाल!
हमने वध और वध 2 में संजय मिश्रा के साथ काम करने को लेकर सवाल किया तो नीना ने कहा कि ये बहुत ही कमाल की बात है कि दूसरी फिल्म में हम दोनों को लिया गया. उन्होंने कहा, मैंने कंवलजीत के साथ एक शो किया था सांस. इस शो में हमें पति पत्नी के रोल में इतना पसंद किया गया कि हमें दोबारा किसी प्रोजेक्ट में साथ काम करने का मौका नहीं मिला. मेकर्स का कहना होता था कि दर्शक आप दोनों को किसी और किरदार में साथ पसंद नहीं करेंगे और इसी वजह से हमने दोबारा साथ काम नहीं किया. वध और वध 2 में नए किरदारों के साथ पुराने कलाकारों का आना बहुत अच्छा है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं