फिल्म द केरल स्टोरी के बाद अब इसके सीक्वल द केरल स्टोरी 2 को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं. फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह ने हाल ही में एक इंटरव्यू में फिल्म को लेकर अपनी बात साफ शब्दों में रखी. उन्होंने कहा कि उनकी फिल्म का मकसद किसी राज्य या समुदाय को निशाना बनाना नहीं है, बल्कि एक गंभीर मुद्दे को सामने लाना है. विपुल शाह ने कहा, “हम केरल के खिलाफ नहीं हैं. केरल को ‘God's Own Country' कहा जाता है और हम भी इसका सम्मान करते हैं. लेकिन वहां जो गलत हो रहा है, उसे सामने लाना जरूरी है.” उन्होंने आगे कहा कि फिल्म का उद्देश्य किसी जगह को बदनाम करना नहीं, बल्कि समाज में मौजूद बुराइयों को दिखाना है ताकि उन पर ध्यान दिया जा सके.
द केरल स्टोरी को लेकर विवाद
पहली फिल्म द केरल स्टोरी को लेकर काफी विवाद हुआ था. खासतौर पर फिल्म में दिखाए गए 32,000 लड़कियों के आंकड़े को लेकर लोगों ने सवाल उठाए थे. इस पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि उनकी टीम ने इस आंकड़े को लेकर एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें नाम और जानकारी साझा की गई थी. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार के पास इससे भी ज्यादा आंकड़े हो सकते हैं, लेकिन अब तक इस मामले में कोई कड़ी कार्रवाई सामने नहीं आई है.
#WATCH | Kerala Story 2 Producer Vipul Amrutlal Shah says, "We're not after Kerala. Kerala is God's Country... We want this evil in that state to be eradicated as soon as possible. Some people criticised the first film, claiming the 32,000 figure was false. We made a video on… pic.twitter.com/lutld2gK8S
— ANI (@ANI) February 20, 2026
सिर्फ केरल तक सीमित नहीं फिल्म
विपुल शाह के मुताबिक, द केरल स्टोरी 2 सिर्फ केरल तक सीमित नहीं रहेगी. यह फिल्म पूरे देश में चल रही कथित साजिश और जबरन धर्म परिवर्तन जैसे मुद्दों को दिखाएगी. उन्होंने कहा कि फिल्म का विषय पहले भाग से जुड़ा हुआ है, इसलिए इसका नाम भी उसी तरह रखा गया है. फिल्म को लेकर किसी तरह की धमकी मिलने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अब तक ऐसा कुछ नहीं हुआ है. उनका मानना है कि जब आप सच्चाई दिखाते हैं, तो लोग उतना विरोध नहीं करते, क्योंकि सच बोलने वाले को डराने पर उल्टा असर भी हो सकता है.
फिलहाल द केरल स्टोरी 2 को लेकर दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है. पहली फिल्म की तरह ही यह फिल्म भी रिलीज से पहले ही चर्चा का विषय बन गई है और देखना दिलचस्प होगा कि इस बार दर्शकों का क्या रिएक्शन रहता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं