नेटफ्लिक्स ने आज फिल्म 'इक्का' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. यह फिल्म लंबे समय से सुर्खियों में बनी हुई थी. 'इक्का' कोर्ट रूम ड्रामा है, जिसमें परिवार, न्याय और मुश्किल फैसलों की कहानी दिखाई गई है. अलकेमी फिल्म्स द्वारा निर्मित इस फिल्म में सनी देओल और अक्षय खन्ना मुख्य भूमिका में नजर आने वाले हैं. फिल्म 'इक्का' की कहानी अर्जुन मेहरा (सनी देओल) के इर्द-गिर्द घूमती है. अर्जुन एक सच्चे और सिद्धांतों वाले वकील हैं, जो हमेशा न्याय के लिए लड़ते हैं. ट्रेलर में वे कहते हैं, “हम कोर्ट में जीतने के लिए नहीं, हक के लिए लड़ते हैं.” लेकिन एक बड़े हमले के मामले में उन्हें शौर्यमान गौर (अक्षय खन्ना) का केस लड़ना पड़ता है. इस केस के साथ उनके सिद्धांत, परिवार और रिश्ते सब पर असर पड़ता है.
अन्य कलाकार
'इक्का' के ट्रेलर में दिखाया गया है कि यह सिर्फ कोर्ट की लड़ाई नहीं है. इसमें परिवार की भावनाएं, रिश्तों की जटिलताएं और सही-गलत के बीच का संघर्ष भी है. फिल्म में दीया मिर्जा और तिलोतमा शोमे भी मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी. तिलोतमा मधुरा बनर्जी की भूमिका में हैं, जो एक मजबूत सरकारी वकील हैं और न्याय की राह पर अर्जुन के सामने खड़ी होती हैं. दीया मिर्जा अर्जुन की पत्नी अवंतिका के रूप में नजर आएंगी, जो पूरे मामले में परिवार को संभालने की कोशिश करती हैं.
क्या बोले सनी देओल
'इक्का' के ट्रेलर लॉन्च पर सनी देओल ने फिल्म के बारे में कहा, “इक्का सिर्फ कोर्ट रूम ड्रामा नहीं है. यह परिवार, रिश्तों और मुश्किल फैसलों की कहानी है. अर्जुन सही काम करने में यकीन रखता है, लेकिन परिस्थितियां उसे सब कुछ दोबारा सोचने पर मजबूर कर देती हैं. यह मेरी पहली डायरेक्ट-टू-स्ट्रीमिंग फिल्म है. नेटफ्लिक्स के जरिए देश और दुनिया के दर्शक इसे देख सकेंगे.” हैरान कर देने वाली बात यह है कि सनी देओल 34 साल बाद वकील का रोल कर रहे हैं. आखिरी बार वह फिल्म दामिनी में वकील बने थे. सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा द्वारा निर्देशित 'इक्का' 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं