विज्ञापन

दिलीप कुमार की डेब्यू फिल्म बनीं इस एक्ट्रेस की आखिरी मूवी, 'अछूत कन्या' बन कहलाईं इंडियन सिनेमा की पहली लेडी सुपरस्टार

टेक्सटाइल इंजीनियर की नौकरी से एक्टिंग का सफर तय करने वाली देविका भारतीय सिनेमा की पहली लेडी सुपरस्टार के रूप में जानी जाती हैं.  

दिलीप कुमार की डेब्यू फिल्म बनीं इस एक्ट्रेस की आखिरी मूवी, 'अछूत कन्या' बन कहलाईं इंडियन सिनेमा की पहली लेडी सुपरस्टार
दिलीप कुमार की डेब्यू फिल्म बनीं इस सुपरस्टार के लिए आखिरी फिल्मं

“मैं बनकी चिड़िया…” यह गीत आज भी सुनते ही 1930 के दशक की यादें ताजा हो जाती हैं. फिल्म 'अछूत कन्या' में अशोक कुमार के साथ जिस अभिनेत्री ने दर्शकों का दिल जीता, वह थीं देविका रानी. भारतीय सिनेमा की पहली लेडी सुपरस्टार के रूप में जानी जाने वाली देविका रानी ने उस दौर में बॉलीवुड में महिलाओं के लिए नया रास्ता दिखाया. टेक्सटाइल इंजीनियर की नौकरी छोड़कर उन्होंने फिल्मी दुनिया में कदम रखा और जल्द ही स्टार बन गईं. उनकी कहानी बेहद रोचक है. उन्होंने टेक्सटाइल इंजीनियर की नौकरी छोड़कर फिल्मी दुनिया में कदम रखा था. उनकी शुरुआत एक अभिनेत्री के रूप में नहीं, बल्कि कॉस्ट्यूम डिजाइनर के रूप में हुई थी. 

9 साल की उम्र में इंग्लैंड में भेजा गया

देविका रानी चौधरी का जन्म 30 मार्च 1908 को मद्रास प्रेसिडेंसी के छोटे से शहर वाल्टियर में हुआ था. उनके पिता कर्नल मनमथ नाथ चौधरी मद्रास प्रेसिडेंसी के सर्जन जनरल थे. मात्र 9 वर्ष की उम्र में उन्हें इंग्लैंड भेज दिया गया. वहां स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने रॉयल अकादमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट और रॉयल अकादमी ऑफ म्यूजिक में अभिनय व संगीत की पढ़ाई की. इसके अलावा उन्होंने आर्किटेक्चर, टेक्सटाइल और डेकोर डिजाइन में डिग्री हासिल की और टेक्सटाइल इंजीनियर के रूप में काम करने लगीं. 

Latest and Breaking News on NDTV

ये भी पढ़ें- 16 की उम्र में किया डेब्यू, किया कुछ ऐसा की रातोंरात हुई चर्चा, 20 साल में बनीं मां, इंडस्ट्री से हैं गायब

नौकरी छोड़ कॉस्ट्यूम डिजाइनर बनीं देविका

साल 1928 में उनकी किस्मत ने अभिनय में करियर बनाने की ओर इशारा किया और उनकी मुलाकात हिमांशु राय से हुई, जो फिल्म निर्माण की तैयारी कर रहे थे. हिमांशु राय उनकी प्रतिभा से प्रभावित हुए और उन्हें अपनी फिल्म ‘अ थ्रो ऑफ डाइस' में काम करने का निमंत्रण दिया. देविका रानी ने अपनी नौकरी छोड़ दी और हिमांशु राय की प्रोडक्शन टीम में शामिल हो गईं. लेकिन वह अभिनेत्री के तौर पर नहीं बल्कि सहायक कॉस्ट्यूम डिजाइनर और सहायक आर्ट डायरेक्टर के रूप में जुड़ीं. फिल्म निर्माण की नई तकनीकें सीखने के लिए दोनों जर्मनी गए. वहां देविका रानी ने बर्लिन के यूनिवर्स फिल्म एजी स्टूडियो में फिल्म निर्माण का कोर्स किया और साथ ही एक्टिंग का विशेष प्रशिक्षण भी लिया. 

शादी के बाद मिला लीड रोल

‘अ थ्रो ऑफ डाइस' फिल्म के निर्माण के साथ-साथ दोनों की लव स्टोरी भी बढ़ रही थी. लिहाजा, देविका रानी और हिमांशु राय ने शादी कर ली. 1933 में भारत लौटकर हिमांशु राय ने फिल्म ‘कर्म' बनाई, जिसमें देविका रानी को लीड एक्ट्रेस की भूमिका मिली. यह उनकी अभिनय यात्रा की शुरुआत थी. इसके बाद दोनों ने मिलकर बॉम्बे टॉकीज स्टूडियो की स्थापना की. बॉम्बे टॉकीज की पहली फिल्म ‘जवानी की हवा' रही. अगली फिल्म ‘जीवन नैया' में देविका रानी के साथ एक्टर के रूप में अशोक कुमार का प्रवेश हुआ. 

ये भी पढ़ें- राजपाल यादव की वो फिल्म, बदली भूत बंगला एक्टर की किस्मत, डायरेक्टर ने नहीं दी 27 साल से कोई हिट

अछूत कन्या ने दिलाई पहचान

साल 1936 में आई फिल्म ‘अछूत कन्या' ने बॉम्बे टॉकीज को नई ऊंचाई दी. इस फिल्म ने सामाजिक असमानता पर सशक्त संदेश दिया और बेहद लोकप्रिय हुई. इसके बाद ‘जीवन प्रभात', ‘इज्जत', ‘प्रेम कहानी', ‘सावित्री', ‘निर्मला' और ‘वचन' जैसी फिल्में आईं. 1943 में ‘किस्मत' फिल्म ने जबरदस्त सफलता हासिल की. देविका रानी आखिरी बार पर्दे पर 1943 में आई फिल्म ‘हमारी बात' में नजर आईं. 1944 में ‘ज्वार भाटा' फिल्म बॉम्बे टॉकीज की आखिरी फिल्म साबित हुई, जिससे दिलीप कुमार की शुरुआत हुई. 

9 मार्च को कहा दुनिया को अलविदा

हिमांशु राय के निधन के बाद स्टूडियो में आंतरिक कलह बढ़ गया. लिहाजा देविका रानी फिल्मी दुनिया से दूर हो गईं. उन्होंने रूसी चित्रकार स्वेतोस्लाव रोरिच से दूसरा विवाह किया और मनाली व बेंगलुरु में रहने लगीं. देविका रानी को 1958 में पद्मश्री, 1970 में देश का सर्वोच्च फिल्म सम्मान दादासाहेब फाल्के पुरस्कार और 1990 में सोवियतलैंड नेहरू अवॉर्ड से सम्मानित किया गया. 9 मार्च 1994 को उन्होंने इस दुनिया को अलविदा कह दिया.  

ये भी पढ़ें- तस्वीर में दिख रही इस एक्ट्रेस की लव स्टोरी ने एक लैब अस्सिटेंट को बनाया स्टार, बड़े एक्टर से छिना का काम

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com