Dhurandhar The Revenge Controversy: रणवीर सिंह अभिनीत फिल्म'धुरंधर: द रिवेंज' के रिलीज के साथ ही नया विवाद खड़ा हो गया है. कुछ धार्मिक नेताओं ने फिल्म के कंटेंट पर सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि यह हिंदू-मुस्लिम के बीच नफरत और विभाजन फैलाने की कोशिश कर रही है, सिर्फ पैसे कमाने के लिए. ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के प्रमुख मौलाना शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "फिल्म देखने के बाद लगता है कि इसमें दिखाई गई ज्यादातर बातें झूठी कहानियों पर आधारित हैं. ऐसी गढ़ी हुई कहानियों पर बनी चीजें भी झूठी ही होती हैं. फिल्म इंडस्ट्री के कुछ लोग, खासकर डायरेक्टर, सिर्फ पैसे कमाने के चक्कर में हिंदू-मुस्लिम के बीच दरार डालने की कोशिश कर रहे हैं. वे हिंदू-मुस्लिम की भाईचारे और सद्भावना को खत्म करना चाहते हैं."
ये भी पढ़ें: प्राइम वीडियो पर बैक टू बैक रिलीज हो रही 11 वेब सीरीज-फिल्में, धुरंधर 2 एक्ट्रेस से पंचायत के प्रधानजी तक, सब आएंगे नजर
क्या बोले मौलाना
उत्तर प्रदेश के शाही मुफ्ती मौलाना चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने भी इसी तरह की बात कही. उन्होंने कहा, "हमारे देश में जांच एजेंसियां और अदालतें हैं. जब तक अदालत या एजेंसियां किसी बात की पुष्टि नहीं करतीं या कार्रवाई नहीं करतीं, तब तक किसी खास समुदाय को निशाना बनाकर ऐसी फिल्में या तस्वीरें बनाना किसी का हक नहीं है. मैं साफ करना चाहता हूं कि आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता. आतंकवाद और अपराध मानसिक बीमारी की तरह हैं, कोई भी इंसान इन्हें कर सकता है, लेकिन इसके लिए सबूत और प्रमाण जरूरी हैं. अदालत और एजेंसियां जांच करती हैं. लेकिन अदालत और एजेंसियों के खिलाफ जाकर, खासकर मुसलमानों को टारगेट करके ऐसी फिल्में बनाना असंवैधानिक और गैरकानूनी है."
धुरंधर 2 की कमाई
विवाद के बावजूद फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा दिया है. निर्देशक आदित्य धर की यह फिल्म 18 मार्च को प्रीव्यू शो के साथ शुरू हुई और 19 मार्च को आधिकारिक रिलीज हुई. ट्रेड एनालिस्ट सैकनिल्क के मुताबिक, पहले दिन ही दुनिया भर में करीब 75 करोड़ रुपये की कमाई हुई. हालांकि, भारत में कई प्रीव्यू शो कैंसल या डिले होने से रिफंड का मामला आया है, जिससे फाइनल आंकड़े प्रभावित हो सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं