रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर 2 इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर ऐसी रफ्तार से दौड़ रही है कि हर दिन इसके नए आंकड़े लोगों को चौंका रहे हैं. फिल्म ने ना सिर्फ कमाई के मामले में जोरदार पकड़ बनाई है, बल्कि लगातार बड़े रिकॉर्ड्स को चुनौती भी दे रही है. खास बात ये है कि अब इसकी सीधी टक्कर अल्लू अर्जुन की ब्लॉकबस्टर फिल्म पुष्पा 2 से मानी जा रही है, जिसने 1871 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. धुरंधर 2 जिस स्पीड से आगे बढ़ रही है, उसे देखकर ट्रेड पंडित भी मान रहे हैं कि अगर यही ट्रेंड जारी रहा तो ये फिल्म बहुत जल्द पुष्पा 2 के इस बड़े रिकॉर्ड को तोड़ सकती है और बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास लिख सकती है.
तीसरे वीकेंड में दिखा असली जलवा
धुरंधर 2 ने तीसरे वीकेंड में कमाई का ऐसा खेल दिखाया कि ट्रेड एक्सपर्ट्स भी चौंक गए. शुक्रवार को 21.55 करोड़ से शुरुआत करते हुए फिल्म ने शनिवार को 25.65 करोड़ और रविवार को 28.75 करोड़ तक पहुंचकर साबित कर दिया कि इसका क्रेज अभी खत्म नहीं हुआ है. हर दिन बढ़ती कमाई बता रही है कि दर्शकों का उत्साह लगातार बना हुआ है.
ये भी पढ़ें: Bhooth Bangla Trailer: भूत बंगला या भूल भूलैया, प्रियदर्शन और अक्षय कुमार ने नए लेबल के साथ चिपकाया पुराना माल
1600 करोड़ पार, अब सीधा निशाना 1871 करोड़
फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1600 करोड़ के पार पहुंच चुका है और अब अगला टारगेट साफ नजर आ रहा है. पुष्पा 2 के 1871 करोड़ के रिकॉर्ड तक पहुंचने के लिए धुरंधर 2 को ज्यादा लंबा सफर तय नहीं करना है. जिस स्पीड से ये फिल्म आगे बढ़ रही है, उससे लग रहा है कि ये रिकॉर्ड कभी भी खतरे में आ सकता है.
हिंदी में भी मचा रखा है धमाल
धुरंधर 2 सिर्फ ओवरऑल कलेक्शन में ही नहीं, बल्कि हिंदी वर्जन में भी जबरदस्त परफॉर्म कर रही है. फिल्म 1000 करोड़ नेट के करीब पहुंच चुकी है, जो इसे एक नई ऊंचाई पर ले जाता है. छोटे शहरों से लेकर बड़े मल्टीप्लेक्स तक, हर जगह फिल्म का जलवा कायम है.
अब शुरू हुआ असली गेम
वीकेंड की धमाकेदार कमाई के बाद अब फिल्म ने नए हफ्ते में भी अपनी रफ्तार बरकरार रखी है. मंडे की शुरुआत भी मजबूत रही है, जिससे साफ है कि धुरंधर 2 लंबी रेस की घोड़ी साबित हो रही है. अगर यही ट्रेंड जारी रहा, तो जल्द ही बॉक्स ऑफिस पर इतिहास बदलता नजर आ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं