Dhamaal 4 Review In Hindi: धमाल 4 फिल्म 10 जुलाई को रिलीज हो गई है. इंद्र कुमार निर्देशित इस एडवेंचर-कॉमेडी में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद शामिल हैं. सीरीज की शुरुआत धमाल (2007) से हुई थी, जिसमें अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी मुख्य भूमिकाओं में थे. इसके बाद डबल धमाल (2011) आई. तीसरा भाग टोटल धमाल (2019) में अजय देवगन को मुख्य भूमिका में शामिल किया गया. अब धमाल 4 में अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी वापसी कर रहे हैं आइए जानते हैं कैसी है फिल्म.
धमाल की कहानी
'धमाल 4' की कहानी इंद्र कुमार ने हमेशा की तरह रखी है. हमेशा की तरह फिल्म में खजाने की खोज है. फिल्म की शुरुआत एनिमेशन के साथ शुरू होती है, जिसमें बैकग्राउंड में बताया जाता है कि 100 साल पुराना खजाना है. लेकिन उसका मैप खो गया था. अब इसका मैप मिलता भी है तो रवि किशन से कुछ ऐसा होता है कि मैप खाक हो जाता है. इस तरह अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी की अपनी-अपनी स्टोरी है. दो बच्चों की मां ईशा गुप्ता से अजय देवगन को प्यार हो जाता है और वह उसे इम्प्रेस करने की कोशिश करते हैं.
बात खजाने की करें तो बेशक मैप खो चुका है, लेकिन अब वो शख्स जिंदा है जिसके दिमाग में मैप छपा है. अब वो शख्स जगह बताता है और एक साइन भी बताता है. इस तरह इंटरवल तक फिल्म की कहानी कुछ ऐसी ही है कि खजाने की तलाश में सभी अपनी जी जान लगा देते हैं. उसके बाद खजाने तक पहुंचते हैं. आखिर के 10 मिनट काफी मेलोड्रामा वाला है. लेकिन पूरी फिल्म की कहानी एवरेज है. कुल मिलाकर ऐसी फिल्म है जो दिमाग लगाने के लिए नहीं बल्कि हंसाने के लिए है. लेकिन कहानी को थोड़ा सॉलिडन बनाया जा सकता था. अरशद वारसी, जावेद जाफरी और रितेश देशमुख इस फिल्म की जान हैं.
धमाल का डायरेक्शन
धमाल की पिछली फिल्मों की तरह फिल्म में भी खजाने का ट्विस्ट है, जो काफी रिपीट लगता है. बात करें कॉमेडी की तो कुछ हिस्सों में स्लो लगती है. अगर दिमाग नहीं लगाएंगे तो फिल्म को पूरी कर जाएंगे. वैसे भी बॉलीवुड का फंडा रहा है कि कॉमेडी फिल्म में कहानी पर ज्यादा फोकस करने की जरूरत नहीं है. यही बात वेलकम टू द जंगल के बाद धमाल 4 में भी नजर आती है. डायरेक्टर का मेन फोकस कॉमेडी पर है. डायलॉग और एक्शन दोनों में कॉमेडी है. इंद्र कुमार ने पुरानी ही खाके में रंग भरा है. ये फिल्म धमाल के हार्डकोर को पसंद आ सकती है.
धमाल में एक्टिंग
फिल्म में अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रितेश देशमुख और संजय मिश्रा की कमाल की एक्टिंग है. धमाल फ्रेंचाइजी की जान हैं. अजय देवगन ने ठीक-ठाक काम किया है. रवि किशन को जो कुछ भी मिला उसे उन्होंने पूरी शिद्दात के साथ निभाया.
धमाल 4 वर्डिक्ट
अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद की धमाल 4 कॉमेडी फिल्म है, जिसमें दिमाग लगाने की जरूरत नहीं. अगर आप धमाल फ्रेंचाइजी के फैन हैं तो जरूर देख सकते हैं. अगर आपको बॉलीवुड की कॉमेडी फिल्में पसंद हैं तो जरूर देख सकते हैं. अगर आपका इरादा दिमाग लगाने का है तो निराशा हाथ लग सकती है.
रेटिंग: 2.5/5
डायरेक्टर: इंद्र कुमार
कलाकार: अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख, जावेद जाफरी, रवि किशन, संजय मिश्रा, संजीदा शेख, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं