हम अंग्रेजों के जमाने के जेलर हैं, इस डायलॉग के साथ अमर हुए असरानी एक बाकमाल कॉमेडियन रहे हैं. जिन्होंने दशकों तक फैन्स को खूब हंसाया और लोटपोट किया है. उनका नाम आते ही आंखों के सामने उनके मजेदार एक्सप्रेशन, दमदार कॉमिक टाइमिंग और एक से बढ़कर एक हिट किरदार घूमने लगते हैं. बहुत कम लोग जानते हैं कि इस शानदार कलाकार ने एक फिल्म में अपनी आवाज का भी जादू चलाया था. अब 49 साल बाद उनका वही गीत फिर सुर्खियों में है. 12 जुलाई 2026 को यूट्यूब पर रिलीज हुए वीडियो ने धड़ाधड़ हिट्स बटोरना शुरू कर दिए हैं. असरानी की सुरों में लिपटी आवाज फैन्स का दिल जीत रही है.
जब असरानी बने सिंगर
12 जुलाई को यूट्यूब पर रिलीज हुआ 'बिनती सुन ले तनिक' एक बार फिर म्यूजिक लवर्स प्लेलिस्ट में जगह बना रहा है. वीडियो को अब तक 26,539 से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. इस गाने की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसे किसी प्रोफेशनल प्लेबैक सिंगर ने नहीं, बल्कि बॉलीवुड के दिग्गज कॉमेडियन असरानी ने गाया है. जिनकी पहचान हमेशा उनकी शानदार कॉमेडी रही. उन्होंने इस गीत में अपनी आवाज से भी ऐसा रंग भरा कि सुनने वाला हैरान रह जाए. उनकी गायकी में एक सादगी, अपनापन और हल्का-फुल्का कॉमिक अंदाज है. जो गाने को अलग पहचान देता है. ये गीत 1977 में रिलीज हुई फिल्म 'आलाप' का है. फिल्म में अमिताभ बच्चन और असरानी भी नजर आए थे.
वक्त के साथ बनी कल्ट क्लासिक
आलाप का डायरेक्शन ऋषिकेश मुखर्जी ने किया था. फिल्म में अमिताभ बच्चन, रेखा, असरानी, छाया देवी, फरीदा जलाल, ओम प्रकाश, लिली चक्रवर्ती और संजीव कुमार जैसे कलाकार थे. 1977 में रिलीज के समय ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म नहीं कर सकी. उस दौर में दर्शक अमिताभ बच्चन को 'एंग्री यंग मैन' के रूप में देखना पसंद कर रहे थे. जबकि आलाप एक सीरियस और म्यूजिकल कहानी थी. यही वजह रही कि फिल्म को उस समय ज्यादा कामयाबी नहीं मिली.
हालांकि समय के साथ फिल्म की अहमियत बढ़ती गई और आज इसे ऋषिकेश मुखर्जी की सबसे बेहतरीन और अंडररेटेड फिल्मों में गिना जाता है. फिल्म के संगीतकार जयदेव को 25वें फिल्मफेयर अवॉर्ड्स में बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर के लिए नॉमिनेशन भी मिला था. ये फिल्म अमेजन प्राइम वीडियो और सोनीलिव पर देखी जा सकती है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं