गायक अरमान मलिक के पिता और मशहूर संगीतकार डब्बू मलिक ने रिश्तों और दोस्ती को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा किया है. उन्होंने लोगों को सलाह दी कि ऐसे रिश्तों से सतर्क रहें, जो सिर्फ स्वार्थ, पैसों या फायदे के आधार पर टिके हों. उन्होंने कहा कि किसी भी रिश्ते की नींव प्यार, सम्मान और भरोसे पर होनी चाहिए, न कि पैसों या किसी फायदे पर. डब्बू मलिक ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपनी एक तस्वीर साझा की और उसके साथ रिश्तों को लेकर अपनी सोच रखी.
डब्बू मलिक ने किया आगाह
उन्होंने लोगों को आगाह करते हुए लिखा, ''अगर दोस्ती या रिश्ते किसी बिजनेस डील की तरह बन जाएं, तो ऐसे रिश्तों को पहचानना जरूरी है. कई बार कुछ लोग तब तक ही साथ रहते हैं, जब तक उन्हें किसी तरह का फायदा मिलता रहता है. ऐसे रिश्तों से सावधान रहना चाहिए, जहां सामने वाला व्यक्ति मदद मिलने तक ही जुड़ा रहता है. लेकिन जब बात सच्चे साथ, वफादारी और मुश्किल समय में खड़े रहने की आती है, तो वही लोग पीछे हट जाते हैं. ऐसे रिश्ते असल में रिश्ते नहीं, बल्कि सिर्फ एक लेन-देन बनकर रह जाते हैं.''
ये भी पढ़ें- अक्षय कुमार की वो फिल्म, जहां शूटिंग के वक्त महाकाल के मंदिर में हुआ चमत्कार, डायरेक्टर ने कहा- नहीं थी उम्मीद
फायदों के रिश्तों से रहना चाहिए दूर
संगीतकार ने आगे कहा, ''जो संबंध सिर्फ पैसों या फायदे के आधार पर टिके होते हैं, वे ज्यादा समय तक नहीं चलते. जब किसी रिश्ते में पैसा खत्म हो जाता है, तो कई बार लोगों का प्यार और अपनापन भी कम हो जाता है. ऐसे लोगों के साथ अपनी भावनाएं और समय लगाने से पहले यह समझना जरूरी है कि सामने वाला आपको आपकी पहचान और आपके व्यक्तित्व के लिए महत्व देता है या सिर्फ आपके दिए हुए फायदे के लिए.'' डब्बू मलिक ने लोगों को सलाह दी कि उन्हें उन रिश्तों को महत्व देना चाहिए, जो जीवन में शांति, सम्मान और सकारात्मकता लेकर आते हैं.
डब्बू मलिक ने दी सलाह
उन्होंने कहा, ''किसी भी व्यक्ति को यह महसूस नहीं करना चाहिए कि रिश्तों की कीमत इस बात से तय होती है कि वह कितना खर्च कर रहा है या कितना दे रहा है. किसी की परवाह करना अच्छी बात है, लेकिन इसके नाम पर अपनी मानसिक शांति और खुशियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए.'' उन्होंने अपने पोस्ट में आगे लिखा, ''हर व्यक्ति को अपने आसपास मौजूद रिश्तों को ध्यान से परखना चाहिए और यह समझना चाहिए कि कौन लोग वास्तव में उसके साथ हैं. आप ऐसे रिश्तों में निवेश करें, जहां दोनों तरफ से सम्मान और प्रयास दिखाई दे.''
डब्बू मलिक चर्चा में रहे
गौरतलब है कि इससे पहले भी डब्बू मलिक कई वजहों से चर्चा में रह चुके हैं. इसी साल अप्रैल में वह फिल्म 'मैंने प्यार किया' को लेकर सामने आए विवाद के कारण सुर्खियों में आए थे. दरअसल, उनके बेटे और संगीतकार अमाल मलिक ने दावा किया था कि उनके पिता को साल 1989 में आई इस सुपरहिट फिल्म से हटा दिया गया था और उनकी जगह अभिनेता सलमान खान को शामिल किया गया था. हालांकि, डब्बू मलिक ने इन दावों को गलत बताते हुए कहा था कि उस समय वह किसी दूसरे प्रोजेक्ट में व्यस्त थे, इसलिए फिल्म का हिस्सा नहीं बन सके थे.
ये भी पढ़ें- हर शादी की शान बना करिश्मा कपूर का 30 साल पुराना गाना, 6 मिनट के सॉन्ग को उदित नारायण ने बनाया ब्लॉकबस्टर
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं