बिहार के मधेपुरा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है. आलमनगर नगर पंचायत के वार्ड नंबर-14 में बुधवार सुबह एक ही परिवार के दो बेटों की मौत ने शादी वाले घर को पलभर में मातम में बदल दिया. आरोप है कि बड़े भाई ने पहले सो रहे छोटे भाई की गोली मारकर हत्या कर दी, और उसके तुरंत बाद उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली. घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है.
खून से लथपथ कमरे में पड़े थे
नवल किशोर भगत किराना व्यवसायी हैं. उनका बड़ा बेटा पंकज कुमार (35) और छोटा बेटा छोटू कुमार (28) दोंनो एक ही कमरे में सो रहे थे. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पंकज ने कट्टे से छोटे भाई छोटू कुमारी की कनपटी पर गोली मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद उसने उसी हथियार से खुद को भी गोली मार ली. गोली चलने की आवाज सुनकर जब परिजन कमरे में पहुंचे तो दोनों भाइयों को खून से लथपथ पाया. परिवार में चीख-पुकार मच गई, और देखते ही देखते पूरे मोहल्ले में सनसनी फैल गई.
देसी कट्टा बरामद
घटना की सूचना मिलते ही आलमनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटना स्थल को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू की, और खून से सना एक देसी कट्टा बरामद किया. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जिससे वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें.
छोटे भाई की 8 जुलाई को शादी थी
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि छोटे भाई छोटू कुमार की शादी महज कुछ दिनों बाद, 8 जुलाई को होने वाली थी. परिवार में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं. 28 जून को ही तिलक-फलदान की रस्म पूरी हुई थी, और घर में खुशियों का माहौल था. बुधवार सुबह हुई इस वारदात ने सारी खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं.
खौफनाक कदम क्यों उठाया
स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़े भाई पंकज कुमार का व्यवहार पिछले कुछ समय से सामान्य नहीं था. हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ऐसी क्या वजह थी, जिसने बड़े भाई को इतना खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया.
पिता से पूछताछ कर रही पुलिस
घटना की जानकारी मिलने के बाद उदाकिशुनगंज के एसडीपीओ अविनाश कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया, और मृतकों के पिता सहित अन्य परिजनों से पूछताछ की. पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला हत्या के बाद आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.
घर में पसरा मातम
फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है. पूरे इलाके में इस घटना को लेकर शोक और हैरानी का माहौल है, जिस घर में कुछ दिनों बाद शहनाई बजने वाली थी, वहां अब मातम पसरा है. उदाकिशुनगंज एसडीपीओ अविनाश कुमार ने कहा कि किस कारण से यह घटना हुई है, सभी पहलुओं पर गहराई से जांच की जा रही है. जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा, जिससे इस दोहरी मौत के पीछे की असली वजह सामने आ सके.
(रिपोर्ट- रमन कुमार)
यह भी पढ़ें: अंबाला: बोरवेल में गिरे 4 साल के मासूम की मौत, 20 घंटे बाद रात 3:30 निकाला बाहर