वैशाली में नगर थाना पुलिस ने धनेश्वर घाट मोहल्ले से 3 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है. सभी ATM से फ्रॉड का रुपया निकालकर एक दुकान में बैठकर चाय पी रहा था. उसी दौरान जाल बिछाए पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों के पास से एक टैबलेट, कई मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ. गिरफ्तार आरोपितों में मानपुर थाना क्षेत्र के तियूरी गांव निवासी कौशल कुमार, गिरियक थाना क्षेत्र के महिला गांव निवासी श्यामलाल कुमार और विक्रम कुमार शामिल हैं.
लोन दिलाने का देते थे झांसा
थानाध्यक्ष सम्राट दीपक ने बताया कि गिरफ्तार गिरोह के खिलाफ महाराष्ट्र, गुजरात समेत अन्य राज्यों में साइबर ठगी के 200 से अधिक मामले दर्ज हैं. गिरोह भोले-भाले लोगों को 'श्री स्वामी समर्थ फाइनेंस कंपनी' के नाम पर सस्ता लोन दिलाने का झांसा देता था. इसके लिए पहले प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 999 रुपये ऑनलाइन जमा कराए जाते थे.
आरोपी 15% कमीशन रखता था
इसके बाद गिरोह के अन्य सदस्य अलग-अलग तरीकों से पीड़ितों से और अधिक रकम की ठगी करते थे. गिरोह का एक सदस्य विभिन्न बैंक खातों में आए ठगी के रुपये एटीएम से निकालकर 15% कमीशन रखता था, और शेष राशि मुख्य सरगना तक पहुंचाता था.
लग्जरी जीवन जीने का शौकीन
आरोपी महंगी कारों, आईफोन और लग्जरी जीवनशैली के शौकीन हैं. तीनों आरोपी एटीएम से रुपये निकालने के बाद पास की एक चाय दुकान पर बैठे थे. इसी दौरान पहले से निगरानी कर रही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया. पुलिस बरामद मोबाइल, टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क का खुलासा करने में जुटी है.
यह भी पढ़ें: कब कम होंगे पेट्रोल-डीजल के दाम? पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने दिए बड़े संकेत