Bihar News: बिहार के गोपालगंज में प्यार और फिर अस्पताल के चक्कर की एक अनोखी कहानी सामने आई है. यहां मामला सामने आया है कि एक प्रेमी और प्रेमिका शादी करने के लिए घर से भागे थे, लेकिन उनकी मंजिल उनको शादी के मंडप की जगह अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में ले आई. इसके सबसे रोचक बात यह है कि वे दोनों पुलिस की गाड़ी से अस्पताल पहुंचे थे.
घर से भागे, लेकिन रास्ते में बिगड़ी तबीयत
जानकारी के अनुसार, मोतिहारी जिले के शिकारपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव के रहने वाले गुरमीत कुमार और सारीन खातून पिछले दो दिनों से अपने घर से दूर थे. दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं और शादी करने के इरादे से निकले थे. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. भागने के दौरान अचानक सारीन की तबीयत काफी ज्यादा बिगड़ गई. घबराया हुआ गुरमीत अपनी प्रेमिका को बचाने के लिए सड़कों पर मदद मांगने लगा.
पुलिस बनी मददगार, अस्पताल में भर्ती
जब सारीन की हालत नाजुक होने लगी, तब प्रेमी गुरमीत ने बिना देर किए 'डायल 112' पुलिस टीम से संपर्क साधा. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मानवता दिखाते हुए बीमार युवती को तुरंत गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों की मुस्तैदी की वजह से समय पर इलाज शुरू हो सका और फिलहाल युवती की हालत स्थिर बताई जा रही है.
शादी के लिए परिवारों का विरोध
गुरमीत और सारीन के बीच का यह रिश्ता उनके परिवारों को मंजूर नहीं था. अलग-अलग धर्म और जाति से होने के कारण घरवाले इस विवाह के सख्त खिलाफ थे. प्रेमी युगल का कहना है कि इसी सामाजिक दबाव और विरोध की वजह से उन्हें घर छोड़ने जैसा कड़ा कदम उठाना पड़ा.
पुलिस कर रही है जांच
गोपालगंज पुलिस ने इस पूरे मामले की जानकारी मोतिहारी पुलिस और दोनों के परिजनों को दे दी है. पुलिस अब दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और मामले की कानूनी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें- सुसाइड या धर्मांतरण का दबाव? नाबालिग छात्र की मौत के बाद भाई का सनसनीखेज आरोप-'लड़की के कहने पर किया खतना'














