- बिहार सीएम नीतीश कुमार ने राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया
- जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के सभी फैसले सोच-समझकर और जनता की भलाई के लिए होते हैं
- अनंत सिंह ने निशांत और बीजेपी से सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद की अपनी पसंद बताया
इस महीने की शुरुआत में राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोमवार को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया. नीतीश के इस्तीफे के बाद मोकामा से जदयू विधायक अनंत सिंह ने एनडीटीवी से खास बातचीत में उनके हालिया फैसलों और बिहार की राजनीति पर खुलकर अपनी राय रखी. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधान परिषद से इस्तीफा देने को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार जो भी फैसला लेते हैं, वह अपनी मर्जी से और सोच‑समझकर लेते हैं.
ये भी पढ़ें : वैशाली महोत्सव: 10 साल बाद नीतीश कुमार तोड़ेंगे 'चुप्पी', रघुवंश बाबू के गढ़ में CM की मौजूदगी के क्या हैं सियासी मायने?
नीतीश जो भी करेंगे जनता की भलाई के लिए करेंगे
अनंत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जो भी करेंगे, वह जनता की भलाई के लिए ही करेंगे. उनके मुताबिक, नीतीश कुमार जो कहते हैं, वही होता है और वही काम जमीन पर दिखाई देता है. साथ ही कहा कि अगर हम लोग कुछ सुझाव देते हैं और नीतीश कुमार को लगता है कि उससे फायदा होगा और ज्यादा काम होगा, तो वह उस पर अमल करते हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री के फैसलों को जनता के हित से जोड़कर देखा. निशांत को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि वह मुख्यमंत्री बनने के लायक हैं.
ये भी पढ़ें : "बिहार सरकार 'राहु-केतु' जैसी, नीतीश कुमार को धकिया कर हटाना दुर्भाग्यपूर्ण", जहानाबाद में बोले राजद विधायक राहुल कुमार
सीएम किसे बनाए जाए, अनंत सिंह ने दिया जवाब
उन्होंने कहा कि अगर नीतीश कुमार की पार्टी से मुख्यमंत्री बनना है तो निशांत को बनाया जाए और अगर बीजेपी से मुख्यमंत्री बनना है तो सम्राट चौधरी को बनाया जाए. अनंत सिंह के मुताबिक, यही दोनों नाम जनता की मांग हैं. इस बातचीत के दौरान अनंत सिंह के छोटे बेटे अभिनव भी मौजूद थे. अनंत सिंह ने बताया कि वह चाहते हैं कि अभिनव आईपीएस अधिकारी बनें. साथ ही उन्होंने कहा कि वह खुद अब चुनाव नहीं लड़ेंगे, बल्कि उनके बेटे चुनाव लड़ेंगे. लालू यादव को लेकर अनंत सिंह ने कहा कि लालू यादव तो बांस घाट जाएंगे.














