खास बातें
- उत्तर प्रदेश विधानसभा की अमेठी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अमिता सिंह सपा के गायत्री प्रसाद प्रजापति से करीब सात हजार मतों से पराजित हुईं।
अमेठी / लखनऊ/ गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश विधानसभा की अमेठी सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अमिता सिंह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के गायत्री प्रसाद प्रजापति से करीब सात हजार मतों से पराजित हुईं। सपा ने यह सीट कांग्रेस से छीनी है।
सीतापुर की बिसवां सीट से सपा के रामपाल यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के निर्मल वर्मा को 7,387 मतों से हराया। सपा ने बसपा से यह सीट छीनी है।
छाता सीट से राष्ट्रीय लोकदल के तेजपाल सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी बसपा के चौधरी लक्ष्मीनारायण को 14,392 मतों से हराया। इटावा से सपा के माता प्रसाद पांडेय ने जीत हासिल की है, जबकि जेवर की सीट बीएसपी के वेदराम भाटी ने जीती है।
गाजियाबाद और मुरादनगर में बसपा तथा धौलाना में सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। गाजियाबाद में बसपा प्रत्याशी सुरेश बंसल ने भाजपा के अतुल गर्ग को 12,095 मतों से हराया। मुरादनगर में बसपा के बहाव चौधरी ने सपा प्रत्याशी और पूर्व मंत्री राजपाल त्यागी को पराजित किया। गाजियाबाद की ही धोलाना सीट पर सपा के धर्मेंद्र तोमर ने बसपा के असलम को पराजित किया। साहिबाबाद सीट पर बसपा बढ़त बनाए हुए है। नवसृजित सेवता सीट से सपा के महेंद्र प्रताप सिंह ने कांग्रेस के अम्मार रिजवी को 2,446 मतों से हराया। मथुरा की मांट सीट से केंद्रीय मंत्री अजित सिंह के पुत्र और रालोद उम्मीदवार जयंत चौधरी ने पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री श्याम सुंदर शर्मा को 16,757 मतों से पराजित किया।