सोशल मीडिया पर इन दिनों एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है; वीडियो में एक महिला बिना माचिस, लाइटर के सिर्फ अपनी उंगली से गैस चूल्हा जलाती दिखाई दे रही है. इस अनोखे दृश्य को देखकर लोग हैरान हैं और जानना चाहते हैं, क्या यह जादू है या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक कारण है?
क्या है वीडियो में?
वायरल क्लिप में महिला रसोई में कुर्सी पर बैठी होती है और उसके बाल खुले होते हैं. तभी पीछे खड़ा एक शख्स उसके सिर पर तौलिया रखकर जोर-जोर से रगड़ता है. ऐसा दो-तीन बार करने के बाद महिला के बाल खड़े होने लगते हैं, जो स्थैतिक बिजली (Static Electricity) बनने का संकेत होता है. इसके बाद शख्स गैस बर्नर का नॉब ऑन करता है. उसी समय महिला अपनी उंगली बर्नर के पास ले जाती है और अचानक गैस में आग लग जाती है. बिना किसी लाइटर या माचिस के जली यह लौ लोगों को चौंका रही है.
देखें Video:
क्या कह रहा है इंटरनेट?
वीडियो के कमेंट सेक्शन में लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं. किसी ने मजाक में लिखा, दिस गर्ल इज ऑन फ़ायर. तो किसी ने पूछा, क्या ये सच में संभव है या कोई ट्रिक है? एक यूजर ने तो यहां तक लिख दिया, अब माचिस-लाइटर खरीदने की जरूरत नहीं! वहीं कुछ लोगों ने महिला को 'ह्यूमन टेस्ला कॉयलट' तक कह दिया.
इसके पीछे का विज्ञान क्या है?
विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोई जादू नहीं बल्कि ट्राइबोइलेक्ट्रिक इफेक्ट (Triboelectric Effect) का परिणाम है. जब तौलिया या कपड़ा बालों पर तेजी से रगड़ा जाता है, तो इलेक्ट्रॉन्स का ट्रांसफर होता है और शरीर पर स्टैटिक चार्ज जमा हो जाता है. इसी चार्ज के कारण बाल खड़े हो जाते हैं. जब चार्ज्ड व्यक्ति गैस के पास उंगली ले जाता है, तो चार्ज डिस्चार्ज होकर एक छोटी सी स्पार्क पैदा करता है, जो गैस को जला सकती है.
लेकिन यह खतरनाक भी है
हालांकि, यह प्रयोग वैज्ञानिक रूप से संभव है, लेकिन विशेषज्ञों ने साफ चेतावनी दी है कि इसे घर पर करने की कोशिश न करें. गैस के आसपास इस तरह का प्रयोग आग या हादसे का कारण बन सकता है. ऐसा पहली बार नहीं है जब इस तरह का वीडियो वायरल हुआ हो. करीब दो साल पहले भी एक ऐसा ही क्लिप सामने आया था, जिसमें एक शख्स के सिर पर कपड़ा रगड़ने के बाद उसकी उंगली से गैस जलती दिखाई दी थी. वायरल वीडियो भले ही देखने में रोचक लगे, लेकिन सुरक्षा सबसे जरूरी है. इसलिए इसे मनोरंजन तक ही सीमित रखें और घर पर इसका प्रयोग करने से बचें.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 50 लाख की नौकरी छोड़कर इंजीनियर ने शुरू किया मोमो बिजनेस, ढाई साल में खड़ा कर दिया 5 करोड़ का कारोबार
600 साल पुराने मंदिर में ‘टेलीस्कोप' की नक्काशी! विदेशी पर्यटक का दावा सुनकर लोग रह गए हैरान













