अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित पाम स्प्रिंग्स पशु आश्रय (Palm Springs Animal Shelter) में एक छोटी सी बिल्ली ‘Zoe' ऐसी हालत में लाई गई, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. उसका पूरा शरीर असामान्य रूप से सूज गया था और वह एक गुब्बारे जैसी दिख रही थी. इस अनोखे केस ने सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींच लिया और देखते ही देखते Zoe की कहानी वायरल हो गई.
क्या थी यह दुर्लभ बीमारी?
शेल्टर के मेडिकल डायरेक्टर डॉ. फिल काल्डवेल के अनुसार Zoe को उपचर्म वातस्फीति (Subcutaneous Emphysema) नाम की दुर्लभ बीमारी थी. Subcutaneous emphysema एक ऐसी स्थिति है, जिसमें त्वचा के नीचे हवा भर जाती है. यह अक्सर चोट, संक्रमण या किसी मेडिकल प्रक्रिया के कारण होता है. Zoe के मामले में माना जा रहा है कि उसकी सांस नली (windpipe) में नुकसान हुआ था. इसी वजह से हवा शरीर के अंदर फैल गई.
कैसे हुआ इलाज?
डॉक्टर ने Zoe के शरीर में फंसी हवा को सुई की मदद से बाहर निकाला. यह प्रक्रिया सफल रही और सबसे अच्छी बात यह रही कि सूजन दोबारा नहीं लौटी. डॉ. कैल्डवेल ने इस केस को अपने करियर के सबसे अनोखे मामलों में से एक बताया.
इलाज के बाद Zoe की हालत तेजी से सुधर रही है. उसका वजन अब करीब 2 पाउंड हो गया है. वह हर दिन बेहतर हो रही है. अब वह पहले जैसी सामान्य और स्वस्थ दिखने लगी है. Zoe की रिकवरी देखकर लोग बेहद खुश हैं और सोशल मीडिया पर लगातार उसके लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं.
सोशल मीडिया पर छाई ‘Balloon Kitty'
Zoe की कहानी इंटरनेट पर खूब वायरल हो रही है. लोग हैरानी जताते हुए पूछ रहे हैं कि आखिर किसी बिल्ली के शरीर में इतनी हवा कैसे भर सकती है. कुछ यूजर्स ने लिखा, ऐसा पहले कभी नहीं देखा!. एक ने लिखा- मेरे बच्चे को Zoe की कहानी में बहुत दिलचस्पी है. दूसरे यूजर ने लिखा- यह सबसे क्यूट ‘Balloon Kitty' है.
Zoe के इलाज और अन्य जानवरों की मदद के लिए शेल्टर ने एक खास पहल भी शुरू की है. वे Puff Kitty टी-शर्ट बेच रहे हैं, जिससे होने वाली कमाई Love Fund में जाएगी और जरूरतमंद जानवरों के इलाज में काम आएगी.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: बच्चों के लिए घर बनाना बंद करें! गुरुग्राम के CEO ने पैरेंट्स को दी ऐसी सलाह, सोशल मीडिया पर छिड़ी बड़ी बहस














