कभी-कभी सच इतना डरावना होता है कि वह किसी फिल्म की कहानी जैसा लगता है. साउथ अफ्रीका से सामने आई एक घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. एक लापता होटल मालिक की तलाश में जुटी टीम को जो मिला, उसने सभी को हैरान और डरा दिया. ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मदद से चलाए गए इस हाई-रिस्क ऑपरेशन का अंत बेहद खौफनाक रहा.
साउथ अफ्रीका में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक लापता होटल मालिक के अवशेष एक विशाल मगरमच्छ के पेट से बरामद किए गए हैं. यह मामला न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के बाद सुर्खियों में आया. मृतक की पहचान 59 वर्षीय गेब्रियल बतिस्ता के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह कोमाटी नदी में आई बाढ़ के दौरान बह गए थे. यह नदी मगरमच्छों के लिए जानी जाती है, इसलिए शुरू से ही आशंका थी कि वह किसी मगरमच्छ का शिकार बन सकते हैं.
कैसे हुआ शक?
कई दिनों की तलाश के बाद रेस्क्यू टीम की नजर एक असामान्य रूप से बड़े मगरमच्छ पर पड़ी, जो नदी किनारे सुस्त और फूला हुआ दिखाई दे रहा था. उसका व्यवहार सामान्य नहीं था, ड्रोन और हेलीकॉप्टर की मौजूदगी के बावजूद वह बिल्कुल नहीं हिला.
हाई-रिस्क ऑपरेशन
शक के आधार पर अधिकारियों ने उस मगरमच्छ को मारने की अनुमति लीय इसके बाद एक बेहद जोखिम भरा ऑपरेशन शुरू हुआ . एक पुलिस अधिकारी को हेलीकॉप्टर से सीधे मगरमच्छ के ऊपर उतारा गया, जहां उसने उसे रस्सी और हार्नेस से बांधा. इसके बाद उस मगरमच्छ को हवा में उठाकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया.
देखें Video:
अंदर का खौफनाक सच
जब मगरमच्छ का पोस्टमॉर्टम किया गया, तो उसके पेट से इंसानी शरीर के कई हिस्से मिले, जिसमें दो कटे हुए हाथ, पसलियों का हिस्सा और मांस के टुकड़े शामिल थे. एक उंगली में पहनी गई अंगूठी से यह शक जताया जा रहा है कि ये अवशेष बतिस्ता के ही हो सकते हैं, हालांकि पुष्टि के लिए जांच जारी है.
चौंकाने वाली दूसरी खोज
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मगरमच्छ के पेट से करीब 6 जोड़ी जूते भी मिले. ये जूते किसके हैं, इसका अभी तक कोई पता नहीं चल पाया है. इससे यह आशंका बढ़ गई है कि इस इलाके में और भी लोग इस तरह की घटनाओं का शिकार हो चुके हो सकते हैं.
अभी भी कई सवाल
अधिकारियों को अभी यह साफ नहीं है कि बतिस्ता की मौत डूबने से हुई या मगरमच्छ के हमले से. साथ ही, आसपास के अन्य मगरमच्छों की भी जांच की जा रही है, ताकि किसी और लापता व्यक्ति के सुराग मिल सकें.
(Disclaimer: यह खबर सोशल मीडिया पर यूजर द्वारा की गई पोस्ट से तैयार की गई है. एनडीटीवी इस कंटेंट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता.)
यह भी पढ़ें: 32 करोड़ साल पहले आपका घर किस देश में था? नया मैप खोलेगा पृथ्वी के हैरान कर देने वाले राज!
भारत का अनदेखा स्वर्ग! असम के चाय बागानों की खूबसूरती देख हैरान रह गई दुनिया, Video वायरल
चेंज नहीं था तो शादी वाले घर में Blinkit डिलीवरी बॉय को ऐसे किया पेमेंट, Video देख हंसी नहीं रुकेगी!














