Viral Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो को देखने के बाद जहां कुछ लोग अपने आंसू नहीं रोक पा रहे हैं, तो वहीं कइयों का गुस्सा फूट पड़ा है. नेटिजन्स का कहना है कि इस वीडियो ने एक बार फिर इंसानियत को शर्मसार कर दिया है. वायरल वीडियो में एक डिलीवरी एजेंट को छह मंजिला इमारत की सीढ़ियां चढ़ते हुए देखा जा रहा है. उसकी पीठ पर एक भारी पार्सल लदा हुआ है. पार्सल इतना बड़ा है कि हर कदम के साथ मजदूर की कमर और झुक रही है. बताया जा रहा है कि सोसायटी में लिफ्ट सुचारू रूप से काम कर रही थी, लेकिन कुछ खोखले नियमों के चलते मजदूर को लिफ्ट इस्तेमाल करने की इजाजत नहीं दी गई.
यह वीडियो X पर @Abhishekkkk10 नाम के यूजर ने शेयर किया है. कैप्शन में लिखा गया कि सोसायटी के लोग पैकर्स, मूवर्स और डिलीवरी स्टाफ को लिफ्ट इस्तेमाल करने नहीं देते. वीडियो में साफ दिख रहा है कि भारी वजन के कारण डिलीवरी एजेंट का संतुलन बिगड़ रहा है और वह बहुत मुश्किल से एक-एक सीढ़ी चढ़ रहा है. एक जगह तो वो लगभग फिसल ही जाता है. इसके बावजूद वो हार नहीं मानता और किसी तरह छठी मंजिल तक पहुंचता है.
जब वह दरवाजे तक पहुंचता है, तो उसे पार्सल उतारने में भी काफी दिक्कत होती है. यह वीडियो देखकर कई लोग भावुक हो गए.
यहां देखें वीडियो-
सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. कई यूजर्स ने कहा कि भारत में मजदूरों के साथ ऐसा व्यवहार आम बात हो गई है क्योंकि श्रम सस्ता माना जाता है. लेकिन लोग भूल जाते हैं कि वो भी उनकी तरह इंसान ही हैं. कुछ लोगों ने इसे अमानवीय बताया. वहीं, एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा कि ऐसे मामलों में सोसायटी के लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि इतनी मेहनत और वजन उठाने से किसी की जान भी जा सकती है.
यह वीडियो सिर्फ एक डिलीवरी एजेंट की कहानी नहीं है, बल्कि यह समाज की सोच को भी दिखाता है. आज भी कई जगहों पर सेवा देने वाले लोगों को बराबरी और सम्मान नहीं मिलता. वायरल हुआ यह वीडियो हमें याद दिलाता है कि नियम इंसानों के लिए होने चाहिए, इंसानों के खिलाफ नहीं. अगर हम थोड़ी सी संवेदनशीलता दिखाएं, तो किसी की जिंदगी आसान बन सकती है.














