- वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल में डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप पर हमलावर ने हमला करने की कोशिश की थी
- ट्रंप और उनकी पत्नी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए, जबकि हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है
- डोनाल्ड ट्रंप ने हमलावर की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर प्रेस कॉन्फ्रेंस में हमले की जानकारी दी
अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी के हिल्टन होटल के अंदर बड़ी घटना होते-होते बच गई. पत्रकारों संग डिनर के बीच डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप सहित वहां मौजूद लोगों पर एक हमलावर ने हमला करने की कोशिश की.गनीमत रही कि ट्रंप और उनकी पत्नी सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए. अब हमलावर पुलिस गिरफ्त में है और खुद डोनाल्ड ट्रंप ने उसकी पहली तस्वीर पोस्ट की है. ट्रंप ने इस बाबत एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हमले की जानकारी भी दी.
कौन है हमलावर कहां का रहने वाला है?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर वॉशिंगटन DC में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर में आरोपी शूटर की यह फोटो पोस्ट की. हालांकि उन्होंने उसपर कुछ लिखा नहीं. हमलावर की जानकारी उन्होंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी है. हमलावर कैलिफोर्निया के टोरेंस का रहने वाला है और उसका नाम 31 वर्षीय कोल टोमस एलन है. उसे गिरफ्तार कर लिया गया है. शूटर के बारे में एनडीटीवी को पता चला है कि वह कैलिफोर्निया में टीचर है और उसने पिछले राष्ट्रपति चुनाव में कमसा हैरिस को प्रेसिडेंड बनाने वाले कैंपेन के लिए डोनेशन भी दिया था. हमलावर टोमस एलन का डेमोक्रेटिक पार्टी लिंक भी निकलकर सामने आ रहा है.
अकेले ही मारने आया था शूटर
वॉशिंगटन डीसी की मेयर म्यूरियल बोउजर ने सीएनएन को बताया कि फिलहाल अधिकारियों के पास इस बात का कोई संकेत नहीं है कि व्हाइट हाउस कॉरेस्पॉन्डेंट्स डिनर की घटना में किसी और की भूमिका थी.उन्होंने कहा,“इस समय ऐसा मानने की कोई वजह नहीं है कि इसमें कोई और शामिल था.” वहीं, वॉशिंगटन डीसी के अंतरिम पुलिस प्रमुख जेफरी कैरोल ने भी कहा, “इस वक्त ऐसा प्रतीत होता है कि संदिग्ध अकेला व्यक्ति था, यानी एक ही शूटर आया था और उसके साथ कोई नहीं था.”
प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोले ट्रंप?
अपने ऊपर हुए हमले पर डोनाल्ड ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि वह अकेला ही आया था और वह मेरी हत्या करना चाहता था. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "यह बहुत अप्रत्याशित था, लेकिन सीक्रेट सर्विस और कानून प्रवर्तन ने इस पर अविश्वसनीय रूप से कार्रवाई की.एक आदमी कई हथियारों से लैस होकर सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर घुसा और उसे सीक्रेट सर्विस के कुछ बहुत बहादुर जवानों ने पकड़ लिया. ट्रंप ने कहा कि उन्होंने बहुत तेजी से काम किया.
ट्रंप ने कहा कि एक अधिकारी को गोली लगी, लेकिन वह बच गया क्योंकि उसने एक बुलेटप्रूफ जैकेट पहनी हुई थी. उसे बहुत करीब से गोली मारी गई, और जैकेट ने अपना काम किया.वह बहुत अच्छा है. वह बहुत अच्छी स्थिति में है; उसका मनोबल बहुत ऊंचा है, और हमने उससे कहा कि हम उससे प्यार करते हैं और उसका सम्मान करते हैं.
यह भी पढ़ें- मेज के नीचे छिपकर पत्नी संग बाहर निकले ट्रंप, वॉशिंगटन होटल में पत्रकारों संग डिनर के बीच ताबड़तोड़ फायरिंग का VIDEO
यह भी पढ़ें- 'हमलावर के पास पावरफुल गन थी, एक सीक्रेट सर्विस एजेंट को लगी गोली', वाशिगंटन फायरिंग पर बोले ट्रंप













