अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने टेक्सास में 300 अरब डॉलर की ऑयल रिफाइनरी की डील की घोषणा की है. उन्होंने इसके लिए भारतीय कंपनी रिलायंस को धन्यवाद दिया है.ट्रुथ सोशल पोस्ट में इस प्रोजेक्ट का ऐलान करते हुए ट्रंप ने कहा, यह रिफाइनरी टेक्सास के ब्राउनसिवले में स्थापित की जाएगी. यह अमेरिका में एनर्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ आर्थिक संबंध मजबूत करने के मकद से 300 अरब डॉलर के सौदे का हिस्सा है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को भारत और उसकी सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी रिलायंस को धन्यवाद दिया. इन्होंने अमेरिका में आधी सदी में पहली नई तेल रिफाइनरी के निर्माण के लिए किए जा रहे ऐतिहासिक निवेश का समर्थन किया.
हालांकि यह तुरंत स्पष्ट नहीं हुआ कि ट्रंप का मतलब यह था कि रिफाइनरी भारत के साथ एक बड़े समझौते का हिस्सा थी. परियोजना का अनावरण करते हुए ट्रंप ने कहा, 'भारत में हमारे साझेदारों और उनकी सबसे बड़ी निजी ऊर्जा कंपनी रिलायंस को इस जबरदस्त निवेश के लिए धन्यवाद.' ईरान इजरायल युद्ध के बीच ये खबर आई है.
ट्रंप ने इस परियोजना को देश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया और कहा कि यह 50 वर्षों में स्थापित होने वाली पहली नई अमेरिकी तेल रिफाइनरी होगी. ट्रंप ने कहा, अमेरिका रियल एनर्जी सेक्टर में प्रभुत्व की ओर लौट रहा है. आज मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि अमेरिका फर्स्ट रिफाइनिंग, टेक्सास के ब्राउनस्विले में 50 वर्षों में स्थापित होने वाली पहली नई अमेरिकी तेल रिफाइनरी का उद्घाटन कर रही है.'
ट्रंप ने कहा, यह एक 300 अरब डॉलर का सौदा है. अमेरिकी इतिहास का सबसे बड़ा सौदा, अमेरिकी कामगार, ऊर्जा क्षेत्र और साउथ टेक्सास के महान लोगों के लिए एक बड़ी जीत बताई है. भारत में हमारे साझेदारों और उनकी सबसे बड़ी प्राइवेट एनर्जी कंपनी रिलायंस को इस जबरदस्त निवेश के लिए धन्यवाद. हमारी 'अमेरिका फर्स्ट' पॉलिसी, परमिट रूल को सरल बनाने और टैक्स कम करने की वजह से ही अरबों डॉलर के सौदे देश में वापस आ रहे हैं. ब्राउनस्विले पोर्ट पर एक नई रिफाइनरी अमेरिकी बाजार को ऊर्जा प्रदान करेगी. हमारी नेशनल सिक्योरिटी को मजबूत करेगी, अमेरिकी ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा देगी. अरबों डॉलर का आर्थिक प्रभाव डालेगी और दुनिया की सबसे साफ रिफाइनरी होगी. यह ग्लोबल एक्सपोर्ट को रफ्तार देगी. इस क्षेत्र में हजारों लंबे समय से प्रतीक्षित रोजगार और विकास लाएगी, जो इसके योग्य है. अमेरिकी ऊर्जा प्रभुत्व ऐसा ही दिखता है. अमेरिका फर्स्ट, हमेशा!














