- होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिकी सेना ने नाकेबंदी की है, जिसका ईरान ने मीम्स के जरिए मजाक उड़ाया है
- मुंबई में ईरानी वाणिज्य दूतावास ने ट्रंप की नाकेबंदी पर बॉलीवुड फिल्म धमाल का मीम शेयर किया
- ईरान के विभिन्न दूतावासों ने भी सोशल मीडिया पर अमेरिका और ट्रंप के खिलाफ मीम्स और तंज भरे पोस्ट्स शेयर किए हैं
US Iran Memes War: एक तरफ तो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की आर्मी ने फारस की खाड़ी में मौजूद महत्वपूर्ण होर्मुज जलडमरूमध्य पर नाकेबंदी कर दी है तो वहीं जवाब में ईरान ने अमेरिका पर एक नया “मीम बम” गिराया है. तेल और गैस के व्यापार के लिए दुनिया के इस सबसे अहम समुद्री रास्ते पर ईरान ने जंग शुरु होने के बाद ही पूरा कंट्रोल कर लिया है, अपनी मर्जी से केवल कुछ ही जहाजों को जाने दे रहा है. अब ट्रंप की नाकेबंदी पर मुंबई में मौजूद ईरानी वाणिज्य दूतावास ने 2007 की बॉलीवुड फिल्म ‘धमाल' का एक फेमस सीन शेयर किया, जिसमें एक्टर रितेश देशमुख का किरदार अपने पीछे पड़े लोगों से बचने के लिए बिना दीवार वाले घर के दरवाजे के पीछे छिप जाता है.
वीडियो में देशमुख के किरदार को अमेरिका और उसका पीछा करने वाले लोगों को ईरान दिखाया गया. मुंबई के ईरानी वाणिज्य दूतावास ने X पर यह क्लिप शेयर करते हुए लिखा, “भारतीय मीम्स GOAT हैं.” GOAT एक लोकप्रिय स्लैंग शब्द है, जिसका मतलब होता है “Greatest Of All Time”, यानी जब कोई चीज या व्यक्ति अपने क्षेत्र में सबसे बेहतरीन या सबसे महान होता है तो उसे GOAT कहा जाता है.
ईरान का मीम वॉर
मिडिल ईस्ट में लगातार तनाव के बीच, X पर ईरान के तमाम दूतावासों के हैंडल्स ने अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप के खिलाफ एक अलग तरह का “युद्ध” शुरू किया है — मीम्स और तंज भरे पोस्ट्स के जरिए. इससे पहले, मुंबई के ईरानी वाणिज्य दूतावास ने बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान के एक मशहूर डायलॉग का इस्तेमाल करते हुए अमेरिका पर तंज कसा और साथ ही ईरानी मिसाइल नौकाओं को “फारस की खाड़ी की लाल मधुमक्खियां” बताया था.
इसी तरह दक्षिण अफ्रीका में ईरानी दूतावास ने भी एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें ट्रंप को एक म्यूजिकल स्टाइल वीडियो में दिखाया गया, जहां वह जहाजों को नाकेबंदी से गुजरने देने की अपील करते नजर आते हैं. इस क्लिप में वह गाने के अंदाज में कहते हैं, “अगर तुम मुझे रोकोगे, तो मैं तुम्हें रोकूंगा.” पोस्ट के कैप्शन में लिखा था, “आज का लोकप्रिय संगीत: ट्रम्प का ‘ब्लॉकेड'.”
दुनिया भर में ईरानी मिशनों ने ऐसे कई पोस्ट शेयर किए हैं, जिनमें इस्लामिक गणराज्य ने अमेरिका और डोनाल्ड ट्रंप का मजाक उड़ाया है. यह बढ़ते मिडिल ईस्ट तनाव और नौसैनिक शक्ति पर बढ़ते ध्यान के बीच उनका विरोध और रणनीतिक संदेश दिखाता है.
यह भी पढ़ें: ट्रंप के लिए पोप और धर्म से उलझना ईरान जंग से भी बड़ी गलती क्यों हो सकती है?














