- इजरायल ने ईरान में कई सैन्य ठिकानों और संवेदनशील जगहों पर हमला किया है.
- तेहरान समेत ईरान के कई शहरों में धमाके हुए हैं.
- इजरायल ने देशभर में इमरजेंसी घोषित कर अपने नागरिकों को सुरक्षित शेल्टर में रहने का निर्देश दिया है.
इजरायल और ईरान के बीच तनाव अचानक चरम पर पहुंच गया है. इजरायल ने ईरान में बड़ा हमला कर दिया है. तेहरान समेत ईरान के कई शहरों में कई जगह धमाके सुने गए हैं. इजरायल के रक्षा मंत्री इजराइल कैट्ज ने देशभर में तत्काल राष्ट्रीय आपातकाल घोषित कर दिया है. यह घोषणा उस समय की गई जब इजरायल ने ईरान के खिलाफ प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक शुरू होने की पुष्टि की है. इजराइल ने तेहरान में हुए अचानक हमलों में USA भी शामिल था.
सुरक्षित ठिकाने पर भेजे गए खामेनेई
एक ईरानी अधिकारी के अनुसार, ईरान के सर्वोच्च नेता, अयातुल्लाह अली खामेनेई, तेहरान में नहीं हैं और उन्हें एक 'सुरक्षित स्थान' पर ले जाया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक इजरायली वायुसेना ने ईरान में कई टारगेट को निशाने पर लिया है.
तेहरान में कई धमाकों की आवाजें
अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान की राजधानी तेहरान में कई धमाकों की आवाजें सुनी गईं, जिनकी पुष्टि ईरानी टीवी चैनलों से जुड़े स्रोतों ने भी की है. इन रिपोर्टों ने बताया कि इजरायल ने दर्जनों सैन्य ठिकानों और कुछ संवेदनशील जगहों को निशाना बनाया.
यह भी पढ़ें- इजरायल-ईरान वॉर के पल-पल के लाइव अपडेट्स यहां पढ़ें
सायरन बजे, नागरिकों को शेल्टर के पास रहने का निर्देश
ईरान पर हमला करने के साथ ही इजरायल ने अपने नागरिकों की रक्षा को ध्यान में रखते हुए कई हिस्सों में सायरन बजाए हैं. IDF फ्रंट कमांड ने नागरिकों को कहा कि वे अपने नजदीकी प्रोटेक्टेड शेल्टर की पहचान कर लें. गैरजरूरी यात्रा से बचें सतर्क रहें क्योंकि मिसाइल दागे जाने की संभावना है.
हमने ईरान के खतरों को हटाने के लिए हमला किया: रक्षा मंत्री कैट्ज़
रक्षा मंत्री ने कहा, 'इजरायल ने राज्य को खतरे से बचाने के लिए ईरान पर प्रीएम्प्टिव स्ट्राइक शुरू की है. पूरे देश में तत्काल आपातकाल लागू कर दिया गया है.' उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि ईरान की ओर से प्रतिक्रिया में मिसाइल दागे जाने की आशंका गंभीर है.
मोबाइल पर आया ‘इमरजेंसी अलर्ट'
बता दें कि हमले की पुष्टि के तुरंत बाद पूरे इजरायल में सायरन बजने लगे. IDF Home Front Command ने नागरिकों के मोबाइल पर एडवांस इन्स्ट्रक्शन अलर्ट भेजा, जिसमें कहा गया नजदीकी सुरक्षित शेल्टर की लोकेशन पहचानकर रखें. घरों के पास रहें और गैर‑जरूरी यात्रा से बचें. स्थिति तेजी से बदल सकती है.
ईरान पर हमले के बीच क्या बोले इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू
इजरायल और अमेरिका के ईरान पर हमलों के बीच इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का बयान सामने आया है.उन्होंने कहा कि यह ऑपरेशन इस्लामिक रिपब्लिक से पैदा हुए अस्तित्व के खतरे को दूर करने और ईरानियों के लिए अपनी किस्मत बदलने के हालात बनाने के लिए शुरू किया गया था. उन्होंने कहा, 'मेरे भाइयों और बहनों, इजराइल के नागरिकों, कुछ समय पहले इजराइल और यूएस ने ईरान में आतंकी शासन से पैदा हुए अस्तित्व के खतरे को दूर करने के लिए एक ऑपरेशन शुरू किया था.'
उन्होंने आगे कहा, 'मैं अपने महान दोस्त, प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप को उनके ऐतिहासिक नेतृत्व के लिए धन्यवाद देता हूं.' नेतन्याहू ने आगे कहा, '47 सालों से, अयातुल्ला शासन 'इजराइल की मौत' और 'अमेरिका' की मौत के नारे लगाता रहा है. इसने हमारा खून बहाया है, कई अमेरिकियों की हत्या की है और अपने ही लोगों का कत्लेआम किया है.'
ईरान में फिर सुनाई दिए धमाके
ईरान की तस्नीम न्यूज़ एजेंसी ने बताया है कि तेहरान में फिर से धमाके सुने गए हैं. IRNA न्यूज़ एजेंसी ने यह भी बताया कि इलम शहर के पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों में भी धमाके सुने गए.
ईरान ने इजरायल में दागी दो मिसाइलें, कोई नुकसान नहीं: IDF
उत्तरी इजराइल पर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल हमले के बाद किसी के घायल होने की कोई खबर नहीं है. कम से कम दो मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से एक के खुले मैदान गिरने की खबर है. IDF ने बताया कि ईरान से बैलिस्टिक मिसाइलों का एक और लॉन्च डिटेक्ट किया है. आने वाले कुछ मिनटों में सायरन बजने की उम्मीद है.














