ईरान में इजरायल और अमेरिका के हमलों में एक यहूदी पूजास्थल सिनेगॉग पूरी तरह तबाह हो गया. अमेरिका और ईरान ने सोमवार रात भर ईरान पर मिसाइलें बरसाईं. इन हमलों में 10 से अधिक लोगों के मारे जाने की खबर है. ईरानी मीडिया ने मंगलवार सुबह हुए हमले में सिनेगॉग के पूरी तरह तबाह हो जाने की खबर दी है.
स्थानीय मीडिया के मुताबिक रफी निया सिनेगॉग मंगलवार सुबह चार बजे हुए हमले में टूट गया. तेहरान के बीच में स्थित एक रिहायशी इमारत पर हमला किया गया था. इस हमले की वीडियो फुटेज में मलबे के बीच नागरिक सुरक्षा के कर्मचारियों को काम करते हुए देखा गया. वहां जमीन पर हिब्रू भाषा की किताबें बिखरी हुई थीं.
तेहरान में कहां हुआ हमला
खबरों के मुताबिक जिस इमारत पर हमला हुआ, उसके आसपास की गलियां बहुत संकरी हैं, इसलिए पास की इमारतों के अंदर और बाहर दोनों जगह भारी नुकसान हुआ. फिलहाल हताहतों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. इस्लामिक कंसल्टेटिव असेंबली में यहूदी प्रतिनिधि होमायून सामेह ने कहा,''जायोनिस्ट शासन ने यहूदी त्योहारों के दौरान इस समुदाय पर कोई दया नहीं दिखाई और हमारे एक प्राचीन और पवित्र सिनेगॉग को निशाना बनाया.''
सामेह का कहना था,''दुर्भाग्य से इस हमले में सिनेगॉग की इमारत पूरी तरह नष्ट हो गई और हमारी तोराह की पवित्र पांडुलिपियां मलबे में दब गईं.''
यहूदी धर्म को ईरान में कानूनी रूप से अल्पसंख्यक धर्म का दर्जा हासिल है. हालांकि ईरान में 1979 में हुई इस्लामिक क्रांति के बाद बड़ी संख्या में यहूदी देश छोड़कर चले गए थे, इसके बाद भी ईरान में अभी कुछ संख्या में यहूदी रहते हैं. हालांकि उनकी संख्या का कोई आधिकारिक आंकड़ा मौजूद नहीं है, लेकिन माना जाता है कि ईरान में कुछ हजार यहूदी रहते हैं.
हमले में जो सिनेगॉग तबाह हुआ है, वह खुरासान क्षेत्र के यहूदियों के लिए एक महत्वपूर्ण धार्मिक और सामाजिक केंद्र था. वहां यहूदी जमा होते हैं और अपने त्योहार मनाते हैं.
ये भी पढ़ें: तुर्की में इजरायली कॉन्सुलेट पर हमले की कोशिश! हथियारों से लैस 3 हमलावर ढेर: रिपोर्ट














