- मिडिल ईस्ट के युद्ध के 21वें दिन दुबई में ईद के त्योहार पर तनाव और मिसाइल खतरे के अलर्ट जारी हैं
- दुबई में इस बार ईद पर सड़कों की भीड़ पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम देखी गई है
- स्थानीय लोगों के मोबाइल फोन पर लगातार मिसाइल खतरे के अलर्ट आने से माहौल में गंभीरता बनी हुई है
मिडिल ईस्ट में जारी भारी संघर्ष और ईरान युद्ध के 21वें दिन भी तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है. इस युद्ध की स्थिति का असर इस बार खाड़ी के सबसे रौनक भरे शहर दुबई की ईद पर भी देखने को मिल रहा है. जहां एक ओर लोग त्योहार की खुशी मनाने सड़कों पर उतरे हैं, वहीं दूसरी ओर युद्ध की आहट ने त्योहार की खुशी को थोड़ा धीमा जरूर किया है. NDTV ने दुबई में स्थानीय लोगों से बात करके जाना कि वहां ईद कैसी मन रही है.
भीड़ में कमी और अलर्ट का शोर
स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले सालों की तुलना में इस बार ईद पर वैसी भारी भीड़ देखने को नहीं मिल रही है. सड़कों पर चहल-पहल तो है, लेकिन भीड़ काफी कम है. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि त्योहार के बीच लोगों के मोबाइल फोन लगातार मिसाइल खतरे के अलर्ट से बज रहे हैं. सुबह के वक्त कुछ धमाकों जैसी आवाजें भी सुनी गईं, जिससे लोगों में थोड़ी घबराहट हुई, लेकिन प्रशासन ने इसे एहतियाती कदम बताया है.
क्या कह रहे स्थानीय लोग?
युद्ध के डर के बावजूद, दुबई में लंबे समय से रह रहे लोगों का हौसला कम नहीं हुआ है. करीब 35 वर्षों से दुबई में रह रहे एक नागरिक ने बताया, 'हमें नहीं पता कि दुनिया क्या सोच रही है, लेकिन हमारे लिए यहां सब कुछ सामान्य है. सरकार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रही है. हमें बस इतना निर्देश दिया गया है कि अलर्ट आने पर सुरक्षित शेल्टर में चले जाएं.'
ईद के उत्साह पर भारी नहीं पड़ा युद्ध का डर
भले ही फोन पर आने वाले अलर्ट और क्षेत्र में जारी संघर्ष ने माहौल में थोड़ी गंभीरता पैदा की है, लेकिन लोगों का कहना है कि वे सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. निवासियों का मानना है कि UAE की सरकार हालात को बखूबी संभाल रही है. लोग एक-दूसरे को 'ईद मुबारक' कह रहे हैं और दुआएं कर रहे हैं कि जल्द ही इस क्षेत्र में शांति बहाल हो.
यह भी पढ़ें: 3000 रुपये में कुछ मिनट कॉल, 1600 में 1GB डेटा.... ईरान में जंग के बीच अपनों की आवाज सुनने की कीमत














