19 days ago
नई दिल्ली:

US-Israel-Iran War Ceasefire News Live Updates:अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा के बाद कई देश भी राहत महसूस कर रहे हैं. ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट खोलने को लेकर भी हामी भर दी है हालांकि इसकी भी कुछ शर्तें हैं.भारत की ओर से भी ईरान-इजरायल युद्ध विराम पर कहा कि हम हमेशा शांति के पक्षधर रहे हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने सीजफायर पर कहा कि  विश्व शांति के लिए एक बड़ा दिन! ईरान चाहता है कि ऐसा हो, वे अब बहुत झेल चुके हैं! इसी तरह बाकी सब भी थक चुके हैं.संयुक्त राज्य अमेरिका 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) में जमा हुए जहाजों के ट्रैफिक को कम करने में मदद करेगा. ईरान से युद्ध रोकने का जश्न भारत के मुसलमानों ने भी मनाया.अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्धविराम और बाकी अपडेट्स के लिए देखते रहिए एनडीटीवी हिंदी 

US-Irael-Iran War Live Updates: Iran-USA Ceasefire All Latest Updates   

Apr 08, 2026 22:15 (IST)

लेबनान पर इजरायली हमले स्थिति को जटिल बना रहेः ईरानी राजदूत

जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने कहा कि अमेरिका के साथ सीजफायर अस्थायी है. ईरान के राजदूत अली बहरेनी ने आगे कहा कि लेबनान पर इजरायल के लगातार हमले स्थिति को और जटिल बना देंगे और इसके गंभीर परिणाम होंगे.

Apr 08, 2026 20:22 (IST)

अगर इजरायल सीजफायर तोड़ता है, तो ईरान समझौते से हट जाएगा

तस्नीम के साथ एक इंटरव्यू में एक जानकार सोर्स ने कहा कि अगर इजरायल लेबनान पर हमले जारी रखकर सीजफायर तोड़ता रहता है तो ईरान समझौते से हटने की संभावना पर विचार कर रहा है. ईरानी सूत्र का कहना है कि इजरायल सुबह से लेबनान पर क्रूर हमले कर रहा है जो सीजफायर का उल्लंघन है.

Apr 08, 2026 19:51 (IST)

लेबनान में इजरायली हमलों में 80 मौतें

लेबनान पर इजरायली हमले लगातार जारी हैं. इजरायल का दावा है कि अमेरिका-ईरान की सीजफायर की शर्तों में लेबनान शामिल नहीं है. लेबनान रेड क्रॉस सोसायटी ने बताया कि बुधवार को बेरूत में इजरायली हमलों में 80 लोगों की मौत हो गई, जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हैं.

Apr 08, 2026 19:06 (IST)

ईरान ने UAE पर दागीं 17 बैलिस्टिक मिसाइल

सीजफायर होने के बाद भी हमले जारी हैं. UAE ने दावा किया है कि सीजफायर होने के बाद से उसने ईरान से आने वालीं 17 बैलिस्टिक मिसाइलों और 35 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया है.

Advertisement
Apr 08, 2026 17:41 (IST)

पीट हेगसेथ का दावा- ईऱान को करारी हार मिली है

अमेरिका के वॉर सेक्रेटरी पीट हेगसेथ ने अपनी जीत का दावा किया है. उन्होंने दावा किया कि दुनिया की सबसे बड़ी सेनाओं में से एक को तबाह कर दिया. ईरान को सेना के मोर्च पर करारी हार का सामना करना पड़ा है. उन्होंने दावा कि हर एक मकसद हासिल कर लिया है. ईरान की सेना समुद्र की गहराइयों में समा गई है.

Apr 08, 2026 16:07 (IST)

शहबाज शरीफ ने की ईरानी राष्ट्रपति से बात

सीजफायर के बाद पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान से बात की है. शहबाज शरीफ ने पाकिस्तान के दो हफ्ते के सीजफायर के प्रस्ताव को मानने के लिए ईरान का शुक्रिया अदा किया.

Advertisement
Apr 08, 2026 15:48 (IST)

ईरानी तेल रिफाइनरी पर हमला, UAE पर भी मिसाइल अटैक

ईरान-अमेरिका ने दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान भले ही कर दिया हो लेकिन हमले अभी भी थमे नहीं है. ईरान पर भी हमले हो रहे हैं और ईरान भी हमले कर रहे हैं. न्यूज एजेंसी AP की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सरकारी टेलीविजन ने बताया है कि सीजफायर की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद ईऱान के लावान द्वीप पर स्थित एक तेल रिफाइनरी पर हमला हुआ है. वहीं, UAE ने भी दावा किया है कि ईरान से लगातार मिसाइलें दागी जा रहीं हैं. UAE ने कहा कि उससे एयर डिफेंस सिस्टम ने कई ईरानी मिसाइलों को इंटरसेप्ट किया है.

Apr 08, 2026 14:58 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: हिज्बुल्लाह ने भी सीजफायर का किया स्वागत, इजरायल पर हवाई हमले रोके

रिपोर्ट्स के अनुसार,ईरान समर्थित संगठन हिज्बुल्लाह ने संघर्षविराम को स्वीकार कर लिया है.संघर्षविराम की घोषणा के बाद संगठन ने उत्तरी इजरायल पर हमले रोक दिए हैं.इस बीच लेबनान संसद के स्पीकर नबीह बेरी ने लेबनान में पाकिस्तान के राजदूत सलमान अतहर से बातचीत की.उन्होंने इजराल पर संघर्षविराम समझौते का पालन न करने और दक्षिण लेबनान में लगातार हमले जारी रखने का आरोप लगाया है.लेबनान के स्पीकर ने क्षेत्र में संघर्षविराम कराने में पाकिस्तान सरकार की भूमिका और प्रयासों की सराहना भी की.

Apr 08, 2026 14:16 (IST)

US Iran Ceasefire Deal Live: ईरान ने दे दी इजरायल पर मिसाइल हमले की धमकी

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच जंग थमे अभी कुछ ही घंटे गुजरे हैं और हालात फिर बिगड़ते नजर आ रहे हैं. ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने एक्‍स पोस्‍ट में कहा है, "अगर दक्षिणी लेबनान में गोलीबारी कुछ ही घंटों में नहीं रुकी, तो वायु सेना और मिसाइल यूनिट्स तेल अवीव पर बमबारी करना शुरू कर देगी".

Apr 08, 2026 13:38 (IST)

US Iran War Deal Live: मिडिल ईस्ट संकट के बीच UAE और मॉरिशस जाएंगे विदेश मंत्री एस जयशंकर

विदेश मंत्री एस.जयशंकर जल्द ही मॉरीशस और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दौरे पर जाएंगे.पश्चिम एशिया में पिछले 40 दिनों से चल रहे युद्ध के बाद यह किसी वरिष्ठ भारतीय मंत्री का पहला UAE दौरा होगा.सूत्रों के अनुसार,विदेश मंत्री जयशंकर का UAE दौरा आज तय किया गया.इस दौरे में ऊर्जा सुरक्षा सबसे अहम मुद्दा रहेगा.जयशंकर पहले हिंद महासागर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मॉरीशस जाएंगे और इसके बाद UAE का दौरा करेंगे. वह 9 से 12 अप्रैल तक UAE में रहेंगे.

Advertisement
Apr 08, 2026 13:32 (IST)

विदेश मंत्री एस. जयशंकर का UAE दौरा, एजेंडे में सबसे ऊपर रहेगी ऊर्जा सुरक्षा

विदेश मंत्री एस. जयशंकर जल्द ही मॉरीशस और यूएई की यात्रा पर निकलेंगे. पश्चिम एशिया में 40 दिनों के युद्ध के बाद किसी शीर्ष भारतीय मंत्री की यूएई की यह पहली यात्रा है. सूत्रों ने बताया कि विदेश मंत्री जयशंकर की यूएई यात्रा का निर्णय आज लिया गया. इस यात्रा के दौरान भारत-यूएई ऊर्जा सुरक्षा एजेंडे में सबसे ऊपर है. एस. जयशंकर पहले हिंद महासागर सम्मेलन के लिए मॉरीशस जाएंगे और फिर यूएई का दौरा करेंगे. भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर 9 से 12 अप्रैल तक यूएई में रहेंगे.

Apr 08, 2026 12:49 (IST)

US Iran War Deal Live: हर विवाद का समाधान केवल बातचीत से ही निकलता है...ईरान-अमेरिका सीजफायर पर फारूक अब्दुल्ला

अमेरिका और ईरान के बीच संघर्षविराम पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हर विवाद का समाधान केवल बातचीत से ही निकलता है.मैं चाहता हूं कि शांति बनी रहे.अगर यह युद्ध और बढ़ा तो हालात अच्छे नहीं होंगे.ऊर्जा और बिजली की आपूर्ति इन खाड़ी देशों पर निर्भर करती है इसलिए इस युद्ध को रोकना बेहद जरूरी है.

Advertisement
Apr 08, 2026 11:55 (IST)

Iran US Israel War Live Updates:इजरायल के विपक्षी नेता का बयान:नेतन्याहू राजनीतिक रूप से विफल साबित हुए

इजरायल के विपक्षी नेता यायर लापिड ने संघर्षविराम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू “राजनीतिक रूप से विफल हो गए हैं.लापिड ने सोशल मीडिया मंच X पर लिखा,“हमारे इतिहास में ऐसा राजनीतिक नुकसान पहले कभी नहीं हुआ. देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसले लिए जा रहे थे,लेकिन उन फैसलों की मेज पर इजरायल मौजूद ही नहीं था.” उन्होंने आगे कहा,“सेना ने वह सब किया जो उससे कहा गया था. जनता ने असाधारण मजबूती दिखाई, लेकिन नेतन्याहू राजनीतिक रूप से असफल रहे,रणनीतिक रूप से असफल रहे और उन्होंने खुद तय किए गए किसी भी लक्ष्य को पूरा नहीं किया.”

लापिड ने यह भी कहा,“घमंड, लापरवाही और रणनीतिक योजना की कमी के कारण नेतन्याहू ने जो राजनीतिक और रणनीतिक नुकसान पहुंचाया है,उसे ठीक करने में हमें कई साल लगेंगे.”

Apr 08, 2026 11:42 (IST)

Iran US Israel War Live Updates:सीजफायर के बीच भारत की एडवायजरी,बोला-ईरान से जल्दी बाहर निकलें भारतीय

एक तरह ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ्ते के सीजफायर का ऐलान कर दिया है तो वहीं दूसरी ओर भारत ने ईरान को लेकर भारतीय नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है,जिसके मुताबिक-जितना जल्दी हो सके ईरान से बाहर निकलने की बात कही गई है.

Apr 08, 2026 11:09 (IST)

Iran US Israel War Live Updates:सकारात्मक कदम, संघर्ष का अंत होगा....ईरान-अमेरिका-इजरायल सीजफायर पर ऑस्ट्रेलिया

ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज ने ईरान और अमेरिका के बीच तय हुए दो हफ्ते के संघर्षविराम का स्वागत किया है.ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी एल्बनीज ने कहा कि यह सकारात्मक खबर है.हम काफी समय से तनाव कम करने की अपील कर रहे थे. हम इस संघर्ष का समाधान चाहते हैं. ईरान में नागरिक ढांचे को नुकसान पहुंचने की आशंका वाला बयान बेहद गंभीर था.इसके अलावा अगर ईरान की ओर से जवाबी कार्रवाई होती,तो इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था को और ज्यादा नुकसान होता.हम पहले से ही देख रहे हैं कि यह युद्ध दुनिया के दूसरे हिस्से में होते हुए भी ऑस्ट्रेलिया समेत पूरी दुनिया के नागरिकों को प्रभावित कर रहा है. यह बहुत सकारात्मक कदम है और हमें उम्मीद है कि इससे स्थायी रूप से तनाव कम होगा और इस संघर्ष का अंत होगा.

Apr 08, 2026 11:06 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: अमेरिका-इजरायल की हार,ईरान की जीत...सीजफायर पर भारत के शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास साहब

राष्ट्रपति ट्रंप के संघर्षविराम की घोषणा पर ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड के महासचिव शिया धर्मगुरु मौलाना यासूब अब्बास साहब की प्रक्रिया सामने आई है उन्होंने कहा अमेरिका खुद को एक महाशक्ति (सुपर पावर) समझता था.40वें दिन ईरान की जीत हुई है और अमेरिका और इजरायल की हार हुई है.दुनिया का असली सुपर पावर ईरान है.मैं ईरान की इस जीत पर सभी हक पसंद लोगों को मुबारकबाद पेश करता हूं.

Apr 08, 2026 10:28 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: सीजफायर के बाद भी ईरान में नारेबाजी जारी,झंडे जलाए

अमेरिका के साथ संघर्षविराम की घोषणा के बावजूद,बुधवार सुबह ईरान की राजधानी तेहरान में सरकार समर्थक प्रदर्शनकारी सड़कों पर इकट्ठा हुए.प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने नारे लगाए जिनमें अमेरिका,इजरायल और समझौते का समर्थन करने वालों के खिलाफ नारे शामिल थे.इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर अमेरिका और इजरायल के झंडे भी जलाए.

Apr 08, 2026 09:43 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: बहुत सारे पॉजिटिव काम होंगे, खूब पैसा कमाया जाएगा... ईरान से सीजफायर के बाद ट्रंप

ईरान से सीजफायर के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला बयान आया है. ट्रंप ने ट्रूथ सोशल पर लिखा कि विश्व शांति के लिए एक बड़ा दिन! ईरान चाहता है कि ऐसा हो, वे अब बहुत झेल चुके हैं! इसी तरह बाकी सब भी थक चुके हैं.संयुक्त राज्य अमेरिका 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) में जमा हुए जहाजों के ट्रैफिक को कम करने में मदद करेगा.वहां बहुत सारे सकारात्मक काम होंगे,खूब पैसा कमाया जाएगा.ईरान अब पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर सकता है. हम हर तरह की रसद (सामान) लेकर वहां पहुँचेंगे और सब कुछ ठीक से चले,यह सुनिश्चित करने के लिए वहीं आसपास मौजूद रहेंगे.मुझे पूरा भरोसा है कि सब अच्छा होगा.जैसा कि हम अभी अमेरिका में देख रहे हैं, यह मिडिल ईस्ट (मध्य पूर्व) के लिए एक स्वर्ण युग हो सकता है.  

Apr 08, 2026 08:54 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: सीजफायर से पहले ट्रंप ने आसिम मुनीर और पीएम नेतन्याहू से की थी बात

CBS न्यूज के मुताबिक,व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ दो हफ्ते के संघर्षविराम की घोषणा करने से पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर से बातचीत की थी.रिपोर्ट के अनुसार,इन बातचीतों का मकसद ईरान के साथ प्रस्तावित दो हफ्ते के सीजफायर को अंतिम रूप देना था.

Apr 08, 2026 08:30 (IST)

Iran US Israel Ceasefire Live Updates:युद्ध रोकने को तैयार पर शर्त है कि... पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के सामने रख दीं कौन सी शर्तें

इजरायल ने मंगलवार को कहा कि वह राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ हमलों को दो हफ्तों के लिए रोकने के फैसले का समर्थन करता है.हालांकि,इसकी शर्त यह है कि ईरान तुरंत होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल दे और अमेरिका,इजरायल व क्षेत्र के अन्य देशों पर हमले बंद करे.प्रधानमंत्री नेतन्याहू के कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा कि इजरायल अमेरिका के उस प्रयास का भी समर्थन करता है, जिसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ईरान अमेरिका, इजरायल,ईरान के अरब पड़ोसियों और पूरी दुनिया के लिए कोई परमाणु, मिसाइल या आतंकवादी खतरा न बने.बयान में आगे कहा गया कि अमेरिका ने इज़राइल को भरोसा दिलाया है कि वह आने वाली बातचीत में इन लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है.ये लक्ष्य अमेरिका,इजरायल और इजरायल के क्षेत्रीय सहयोगियों द्वारा साझा किए जाते हैं.साथ ही यह भी साफ किया गया कि दो हफ्ते के इस संघर्षविराम में लेबनान शामिल नहीं है.

Apr 08, 2026 07:56 (IST)

US Iran Ceasefire Deal Live: हॉर्मुज खुलते ही तेल की कीमतों में तेज गिरावट,सीजफायर से बाजार में भी उछाल

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की डील होते ही दुनियाभर में तेल की कीमतों में तेज गिरावट आई और शेयर बाजार उछल पड़े. इस समझौते में सबसे अहम बात यह है कि हॉर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने पर सहमति बनी है, जो दुनिया की तेल सप्लाई के लिए बेहद अहम रास्ता है.ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 15.9 प्रतिशत गिरकर 92.30 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई,जबकि अमेरिका में ट्रेड होने वाला तेल भी लगभग 16.5 प्रतिशत टूटकर 93.80 डॉलर तक पहुंच गया.

Apr 08, 2026 07:28 (IST)

Iran US Israel Ceasefire Live Updates:ईरान से अब आमने-सामने होगी बातचीत..सीजफायर के बाद अमेरिका कर रहा विचार

ईरान-अमेरिका सीजफायर ऐलान के बीच व्हाइट हाउस ने कहा है कि वह ईरान के साथ आमने‑सामने (इन‑पर्सन) बातचीत पर विचार कर रहा है,हालांकि अभी तक इसे अंतिम रूप नहीं दिया गया है.अमेरिकी प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने मंगलवार को यह बात कही. यह बयान ऐसे समय में आया है,जब तेहरान ने कहा है कि उसने अमेरिका के साथ बातचीत के लिए सहमति दे दी है,जो शुक्रवार से पाकिस्तान में शुरू हो सकती है.

Apr 08, 2026 07:12 (IST)

Iran US Israel Ceasefire Live Updates:सीजफायर के बाद UAE में मिसाइल अलर्ट जारी, अबू धाबी में गैस प्रोसेसिंग संयंत्र में आग लगी

ईरान और अमेरिका द्वारा दो हफ्ते के संघर्षविराम की बात कहे जाने के बावजूद,बुधवार तड़के इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में मिसाइल अलर्ट जारी किए गए.अधिकारियों के अनुसार, UAE की राजधानी अबू धाबी में एक गैस प्रोसेसिंग संयंत्र में आग लग गई जो ईरान की ओर से किए गए हमले के बाद लगी है. इजरायल में किस जगह को निशाना बनाया गया,यह अभी साफ नहीं हो पाया है.युद्ध के दौरान इजरायल पर सबसे ज्यादा मिसाइल और ड्रोन हमले हुए थे.

Apr 08, 2026 06:54 (IST)

Iran US Israel Ceasefire Live Updates:ईरानी सेना के जवानों को गोलीबारी रोकने के आदेश, सर्वोच्च नेता का फरमान

ईरान के सर्वोच्च नेता ने सभी सैन्य इकाइयों को गोलीबारी रोकने का आदेश दिया है.यह जानकारी ईरान के सरकारी चैनल IRIB की ओर से दी गई है.बयान में कहा गया है कि यह युद्ध का अंत नहीं है,लेकिन सभी सैन्य शाखाओं को सर्वोच्च नेता के आदेश का पालन करते हुए अपनी कार्रवाई रोकनी चाहिए.

Apr 08, 2026 06:46 (IST)

Iran US Israel Ceasefire Live Updates: ईरान और ओमान होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क वसूलेंगे, रिपोर्ट में दावा

एपी की रिपोर्ट के अनुसार दो हफ्ते के संघर्षविराम (सीज़फायर) की योजना में यह प्रावधान शामिल है कि ईरान और ओमान दोनों होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों से शुल्क ले सकेंगे.अधिकारी के अनुसार, ईरान इस शुल्क से मिलने वाले पैसे का इस्तेमाल पुनर्निर्माण कार्यों के लिए करेगा.हालांकि,ओमान इस राशि का उपयोग किस लिए करेगा यह अभी साफ नहीं है.होर्मुज जलडमरूमध्य ईरान और ओमान दोनों के क्षेत्रीय समुद्री क्षेत्र में आता है.अब तक दुनिया इसे एक अंतरराष्ट्रीय समुद्री रास्ता मानती रही है और इसके इस्तेमाल के लिए कभी शुल्क नहीं लिया गया.इस बातचीत प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल रहे अधिकारी ने अंदरूनी चर्चा का हवाला देते हुए नाम उजागर न करने की शर्त पर यह जानकारी दी.

Apr 08, 2026 06:33 (IST)

Iran US Israel Ceasefire Live Updates: सीजफायर के बीच कतर पर मिसाइल हमला,कोई नुकसान नहीं

कतर का कहना है कि उसने एक मिसाइल हमले को नाकाम कर दिया है. कतर के रक्षा मंत्रालय ने कुछ देर पहले बताया कि देश की सशस्त्र सेनाओं ने एक मिसाइल हमले को सफलतापूर्वक रोक लिया है.हालांकि, यह तुरंत साफ नहीं हो पाया कि यह हमला ठीक किस समय हुआ था और किसने किया है.

Apr 08, 2026 05:36 (IST)

US Iran Ceasefire Deal Live: अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के लिए जंग रोकने की सहमति

अमेरिका और ईरान के बीच 2 हफ्ते के लिए जंग रोकने की सहमति बन गई है. यानी 2 हफ्ते के सीजफायर पर दोनों देश सहमत हो गए हैं.

Apr 08, 2026 02:56 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: मध्य बगदाद में अमेरिकी दूतावास के पास 5 धमाकों की आवाज सुनी गई

मध्य बगदाद में 5 धमाकों की आवाज सुनी गई. AFP के पत्रकारों ने बताया कि मंगलवार रात बगदाद के बीचों-बीच जहां अमेरिकी दूतावास स्थित है, पांच धमाकों की आवाज सुनी गई.

ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजरायल युद्ध शुरू होने के बाद से, दूतावास और बगदाद हवाई अड्डे पर स्थित एक अमेरिकी राजनयिक और लॉजिस्टिक्स केंद्र को तेहरान समर्थक सशस्त्र समूहों द्वारा दागे गए रॉकेटों और ड्रोन से बार-बार निशाना बनाया गया है; इनमें से अधिकांश को हवाई सुरक्षा प्रणालियों द्वारा रोक दिया गया है.

Apr 08, 2026 02:34 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: होर्मुज नहीं खुलवा पाने के लिए यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने UN को कोसा

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने एक्स पोस्ट में लिखा- "यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि UN सुरक्षा परिषद एक बार फिर ईरान द्वारा 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' की नाकेबंदी जैसे वैश्विक खतरे का सामना करने में अपनी प्रभावशीलता दिखाने और निर्णायक कार्रवाई करने में विफल रही है. किसी को भी ऐसे विश्व-महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को अवरुद्ध करने, या नौवहन की स्वतंत्रता के खिलाफ आतंकवादी हमलों के माध्यम से दर्जनों देशों की सुरक्षा को खतरे में डालने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. हमें काला सागर में भी इसी तरह की चुनौती का सामना करना पड़ा था, जब रूसियों ने हमारे बंदरगाहों और नागरिक जहाजों की आवाजाही को रोकने का प्रयास किया था—रूस हमारी अर्थव्यवस्था का दम घोंटने की कोशिश कर रहा था. और हमने निष्क्रियता से नहीं, बल्कि निर्णायक कार्रवाई के माध्यम से उस समस्या का समाधान खोज निकाला. अब, हम वैश्विक स्तर पर भी इसी तरह की समस्या देख रहे हैं. 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' उन सभी जहाजों के लिए खुला रहना चाहिए, जो अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण जीवन-रेखाओं को बनाए रखते हैं और सामान्य अंतर्राष्ट्रीय व्यापार को सुनिश्चित करते हैं. इस क्षेत्र के देशों ने इस मुद्दे पर स्पष्ट रूप से अपनी बात रखी है, और हम मध्य-पूर्व तथा खाड़ी क्षेत्र के लोगों की शांति की आकांक्षाओं का समर्थन करते हैं. इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का सीधा प्रभाव हर एक देश की स्थिरता, बाज़ार की पूर्वानुमान-क्षमता और जीवन-यापन की लागत पर पड़ता है. ऐसी समस्याओं और इस युद्ध को और अधिक लंबा नहीं खिंचना चाहिए. दुनिया को एक ऐसे कार्यशील UN सुरक्षा परिषद की आवश्यकता है, जो वैश्विक स्तर की गंभीर सुरक्षा चुनौतियों को हल करने के लिए और अधिक निर्णायक ढंग से कार्रवाई करे."

Apr 08, 2026 02:26 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने दो हफ्तों के डेडलाइन बढ़ाने की गुहार लगाई

ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे जंग को समाप्त कराने में मध्यस्ता की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने एक्स पोस्ट में लिखा- मध्य पूर्व में चल रहे युद्ध के शांतिपूर्ण समाधान के लिए कूटनीतिक प्रयास लगातार, मजबूती से और जोर-शोर से आगे बढ़ रहे हैं. जिनसे निकट भविष्य में ठोस नतीजे निकलने की पूरी संभावना है. कूटनीति को अपना काम पूरा करने का मौका देने के लिए, मैं राष्ट्रपति ट्रंप से पूरी विनम्रता के साथ अनुरोध करता हूं कि वे समय सीमा को दो हफ़्तों के लिए बढ़ा दें. पाकिस्तान पूरी ईमानदारी के साथ अपने ईरानी भाइयों से अनुरोध करता है कि वे सद्भावना के तौर पर, इसी दो हफ़्तों की अवधि के लिए 'स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़' को खोल दें. हम युद्ध में शामिल सभी पक्षों से भी आग्रह करते हैं कि वे इस क्षेत्र में लंबे समय तक शांति और स्थिरता बनाए रखने के हित में, कूटनीति को युद्ध का निर्णायक अंत करने का अवसर देने के लिए, हर जगह दो हफ़्तों तक युद्धविराम का पालन करें.

Apr 08, 2026 02:18 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: ट्रंप बोले- ईरान के साथ तीखी बातचीत चल रही है

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, ईरान युद्ध को लेकर "तीखी बातचीत" के दौर से गुज़र रहा है, लेकिन उन्होंने इस बातचीत के बारे में विस्तार से बताने से इनकार कर दिया. Fox न्यूज ने एक छोटे से फोन इंटरव्यू में ट्रंप से पूछा कि वे इस बातचीत के बारे में कैसा महसूस कर रहे हैं, तो उन्होंने कहा, "मैं आपको नहीं बता सकता, क्योंकि अभी हम तीखी बातचीत के दौर में हैं."

Apr 08, 2026 02:05 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: इजरायल ने हमलों के खतरे की चेतावनी दी

ट्रंप की दी हुई डेडलाइन के नजदीक आते ही इजरायल ने बढ़ते हमलों को लेकर खतरे की चेतावनी दी है.

इजरायल की सेना ने मंगलवार को चेतावनी दी कि ईरान की ओर से हमलों का खतरा बढ़ गया है, क्योंकि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ईरान के लिए स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को फिर से खोलने की GMT आधी रात की डेडलाइन नजदीक आ रही है.
इजरायली सेना ने अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर कहा, "हालात का जायजा लेने के बाद और अल्टीमेटम की संभावित समय-सीमा खत्म होने की तैयारियों के तहत आने वाले घंटों में इजरायल के इलाके की ओर हमलों में बढ़ोतरी हो सकती है." ऐसे में सभी से सतर्क रहने की अपील की गई है.

Apr 08, 2026 01:51 (IST)

Iran US Israel War Live Updates: डेडलाइन दो हफ्ते बढ़ाने की गुजारिश के बारे में ट्रंप को दी गई जानकारी

ईरान, अमेरिका, इजरायल युद्ध को समाप्त कराने में मध्यस्थता की भूमिका निभा रहे पाकिस्तान ने ट्रंप से डेडलाइन बढ़ाने की गुजारिश की है. इस बारे में व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने मंगलवार को कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को पाकिस्तान के उस प्रस्ताव की जानकारी है, जिसमें ईरान पर लगाई गई डेडलाइन को दो हफ़्ते और बढ़ाने की मांग की गई है; इस पर जल्द ही जवाब दिया जाएगा. लेविट ने एक बयान में कहा, "राष्ट्रपति को इस प्रस्ताव के बारे में बता दिया गया है, और इस पर जल्द ही जवाब दिया जाएगा."

Apr 08, 2026 01:33 (IST)

दो हफ्ते के सीजफायर पर बनेगी बात? ट्रंप के जवाब का इंतजार

दो हफ्ते के लिए हमला रोकने की पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की अपील से अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को अवगत करा दिया गया है. व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी ने बताया कि राष्ट्रपति का जवाब आना बाकी है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो ट्रंप ने कह दिया है कि अमेरिका और ईरान के बीच इस वक्त 'गरमागरम बातचीत' चल रही है, ऐसे में वह दो हफ्ते के लिए सीजफायर पर कोई कमेंट नहीं कर सकते. 

Apr 08, 2026 01:09 (IST)

क्या मुजतबा खामेनेई के कोमा में जाने से हिल गया ईरान?

Apr 08, 2026 01:07 (IST)

ट्रंप ने हमला किया तो 'सरप्राइज' देंगेः ईरान

ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स (IRGC) से जुड़ी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने एक सैन्य सूत्र के हवाले से चेतावनी दी है कि अगर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने हमले की अपनी धमकियों पर अमल किया तो ईरान "सरप्राइज" देने को तैयार है. ईरान अमेरिका और उसके सहयोगियों के ऊपर भारी कीमत थोपने में बिल्कुल भी संकोच नहीं करेगा. 

Apr 08, 2026 00:55 (IST)

PAK पीएम की ट्रंप से अपील, दो हफ्ते बढ़ाएं डेडलाइन

ईरान पर भीषण हमले को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डेडलाइन जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, दुनिया की धड़कनें तेज हो रही हैं. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने ट्रंप से अपनी डेडलाइन को दो हफ्ते बढ़ाने की अपील की है ताकि  राजनयिक तरीके से विवाद को सुलझाया जा सके. शहबाज ने ईरान से भी कहा है कि वह सद्भावना के तौर पर होर्मुज स्ट्रेट को दो हफ्ते के लिए खोल दे. 

Apr 08, 2026 00:51 (IST)

इराक के बसरा में कुवैती कॉन्सुलेट में घुसे प्रदर्शनकारी

इराक के बसरा शहर में कुवैत की तरफ से रॉकेट दागे जाने से स्थानीय लोग भड़क उठे और उन्होंने कुवैती वाणिज्य दूतावास पर हमला बोल दिया. इससे हालात तनावपूर्ण हो गए. रॉयटर्स के मुताबिक, ईरान समर्थक प्रदर्शनकारियों ने कॉन्सुलेट में घुसकर कुवैती झंडा उतार दिया और इराकी झंडा लहरा दिया. पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़कर और बल प्रयोग करके भीड़ को तितर-बितर किया. रॉकेट बसरा के पास खोर अल-जुबैर में एक घर पर गिरा, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और पांच घायल हो गए. हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका है. 

Apr 08, 2026 00:45 (IST)

ट्रंप की धमकी पर UN महासचिव ने चिंता जताई

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की उस धमकी पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है, जिसमें ट्रंप ने कहा था कि अगर ईरान ने उनकी मांगें नहीं मानीं तो "एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी". यूएन के प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने एक वीडियो संदेश में महासचिव के हवाले से कहा कि ऐसी बयानबाजी बेहद परेशान करने वाली है. अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत असैन्य इन्फ्रास्ट्रक्चर या पूरी सभ्यता को निशाना बनाने की धमकी देना पूरी तरह अस्वीकार्य है. संयुक्त राष्ट्र ने सभी से संयम बरतने की अपील की है ताकि बड़े विनाशकारी युद्ध से बचा जा सके.

Apr 08, 2026 00:20 (IST)

कमला हैरिस ने कहा- ट्रंप की लापरवाही से अमेरिका को नुकसान

अमेरिका की पूर्व उपराष्ट्रपति और डेमोक्रेट नेता कमला हैरिस ने कहा कि 'अमेरिका के राष्ट्रपति युद्ध अपराध करने और एक "पूरी सभ्यता" को मिटा देने की धमकी दे रहे हैं और यह सब इसलिए हो रहा है क्योंकि उन्होंने खुद अपनी मर्जी से एक विनाशकारी युद्ध शुरू किया, लेकिन उसे खत्म करने के लिए उनके पास कोई योजना या रणनीति नहीं थी. उन्होंने कहा कि यह बेहद घिनौनी बात है, और अमेरिकी जनता इसका समर्थन नहीं करती. उन्होंने कहा कि ट्रंप की यह लापरवाही हमारे बहादुर सैनिकों को बेवजह खतरे में डाल रही है, दुनिया भर में अमेरिका की साख को नुकसान पहुंचा रही है, और अमेरिकी लोगों के लिए जीवन को और भी ज्यादा महंगा बना रही है.

Apr 07, 2026 23:17 (IST)

ईरान का दावा- हमारे पास 15 हजार मिसाइलें और 45 हजार ड्रोन

ईरान पर दी गई ट्रंप की डेडलाइन के खत्म होने में अब मात्र 7 घंटे बाकी है. इस बीच ईरान ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि हमारे पास 15 हजार मिसाइलें, 45 हजार ड्रोन है. दूसरी ओर पाकिस्तान ने इजरायल को कोसा है. पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने एक बयान में कहा कि कल रात तक बातचीत पटरी थी, लेकिन इजरायल के नए हमलों ने मामले को बिगाड़ दिया है.

Apr 07, 2026 22:54 (IST)

पाकिस्तान का आरोप- इजरायल ने रोकी बातचीत

पाकिस्तान ने इजरायल पर बातचीत रोकने का आरोप लगाया है. पाकिस्तान का कहना है कि जब दोनों पक्ष बातचीत के लिए आमने-सामने बैठने ही वाले ते, तभी इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया. पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने कहा, 'कल रात हम बहुत आशावादी थे, लेकिन हाल ही में हुए कुछ खतरनाक घटनाक्रमों ने स्थिति को एक बार फिर तनावपूर्ण बना दिया है. ठीक उस समय, जब दोनों पक्ष बातचीत की मेज पर बैठने के बेहद करीब थे, इजरायल ने ईरान पर हमला कर दिया. इसके जवाब में, ईरान ने सऊदी अरब के शहर जुबैल में स्थित तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया. इस पूरी स्थिति ने शांति प्रक्रिया को गंभीर रूप से क्षति पहुंचाई है.'

Apr 07, 2026 22:37 (IST)

आखिरी प्रस्ताव हमारी उम्मीदों से बेहतरः अमेरिकी अधिकारी

ईरान-अमेरिका से बातचीत पर Axios से एक अमेरिकी अधिकारी ने कहा- हमें जो आखिरी प्रस्ताव मिला, वह ठीक वैसा नहीं था जैसा हम चाहते थे, लेकिन हमारी उम्मीद से कहीं ज़्यादा बेहतर था. अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत में कुछ प्रगति हुई है, लेकिन ट्रंप की रात 8 बजे की डेडलाइन से पहले किसी समझौते पर पहुंचना अभी भी मुश्किल लग रहा है.

अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि अब ध्यान इस बात से हटकर कि क्या कोई समझौता संभव है, इस बात पर आ गया है कि क्या यह समय पर हो सकता है.

Apr 07, 2026 22:35 (IST)

ईरान के साथ हालात किस मोड़ पर हैं, आगे क्या होगा, यह सिर्फ ट्रंप जानते हैं: व्हाइट हाउस

व्हाइट हाउस ने कहा- ईरान के साथ हालात किस मोड़ पर हैं, आगे क्या होगा, यह सिर्फ ट्रंप जानते हैं. 

व्हाइट हाउस ने ट्रंप की इस मांग को दोहराया है कि ईरान अगले सात घंटों के भीतर कोई समझौता करे। साथ ही, यह भी कहा है कि अगर तेहरान ऐसा करने में नाकाम रहता है, तो अमेरिकी राष्ट्रपति इस पर क्या प्रतिक्रिया देंगे, यह सिर्फ़ वही जानते हैं.

व्हाइट हाउस की प्रेस सेक्रेटरी कैरोलिन लेविट ने अल जज़ीरा को बताया, "ईरानी शासन के पास इस मौके का फ़ायदा उठाने और अमेरिका के साथ समझौता करने के लिए ईस्टर्न टाइम के अनुसार रात 8 बजे तक का समय है." "हालात किस मोड़ पर हैं और राष्ट्रपति आगे क्या कदम उठाएंगे, यह सिर्फ़ वही जानते हैं."

Apr 07, 2026 21:36 (IST)

होर्मुज पर UNSC में प्रस्ताव गिरा

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) में होर्मुज स्ट्रेट को खोलने का प्रस्ताव गिर गया है. इस प्रस्ताव को बहरीन लेकर आया था लेकिन चीन और रूस के वीटो के कारण यह पास नहीं हो सका. इस प्रस्ताव के पक्ष में 11 वोट पड़े थे लेकिन चीन और रूस ने वीटो लगाकर इसे गिरा दिया. 

Apr 07, 2026 21:28 (IST)

ईरान बोला- हम ट्रंप की धमकियों से नहीं डरते

ट्रंप की धमकियों पर ईरान का कहना है कि वह किसी धमकी से नहीं डरता. ईरान के पहले उपराष्ट्रपति मोहम्मद रजा आरिफ ने कहा कि ईरानी सभ्यता ने हजारों सालों से अपने दुश्मनों के 'भ्रम' को मात दी है. उन्होंने कहा कि ईरान ट्रंप की धमकियों से डरने वाला नहीं है. उन्होंने यह बात तब कही जब ट्रंप ने धमकी दी है कि आज रात पूरी सभ्यता को खत्म कर दिया जाएगा.

Apr 07, 2026 21:04 (IST)

ईरान ने कहा- खोखले वादों पर होर्मुज नहीं खुलेगा

अमेरिका और इजरायल लगातार ईरान पर हमले कर रहे हैं. डेडलाइन खत्म होने से पहले ईरान पर डेडली अटैक हो रहे हैं. लेकिन ईरान अब भी अड़ा हुआ है. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने ईरानी सूत्रों के हवाले से बताया है कि ईरान खोखले वादों पर होर्मुज स्ट्रेट को नहीं खोलेगा. 

Apr 07, 2026 20:25 (IST)

इजरायल ने ईरान के 8 पुल उड़ाए

इजरायली सेना ने ईरान के आठ पुलों को बमबारी कर उड़ा दिया है. इजरायली सेना ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने ईरान के आठ पुलों को उड़ाने का दावा किया है. इजरायल का कहना है कि ईरानी आतंकी शासन अपने हथियार और सैन्य साजो-सामान को लाने-ले जाने के लिए जिन पुलों का इस्तेमाल करता है, उस पर हमला किया गया है. ये हमले तेहरान, करज, तबरीज, काशान और कोम सहित कई इलाकों में हुए हैं.

Apr 07, 2026 20:17 (IST)

ईरान के मियानेह में इजरायल ने पुल उड़ाया

ईरान के सिविलियन इंफ्रास्ट्रक्चर पर अमेरिका-इजरायल के हमले जारी हैं. ईरान के पुलों को निशाना बनाया जा रहा है. ईरानी मीडिया के मुताबिक, उत्तर-पश्चिमी ईरान के मियानेह में एक पुल को इजरायल ने बमबारी कर उड़ा दिया है.

Apr 07, 2026 20:00 (IST)

ईरान में भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी

ईरान में भारतीय दूतावास ने भारतीयों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है, जिसमें कहा गया है कि उन्हें अगले 48 घंटों तक "जहां हैं, वहीं रहना चाहिए". एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि लोगों को घर के अंदर ही रहना चाहिए और सभी बिजली और सैन्य ठिकानों, साथ ही बहुमंजिला इमारतों की ऊपरी मंजिलों से दूर रहना चाहिए.

Apr 07, 2026 19:57 (IST)

ईरान पर हमलों पर नेतन्याहू ने क्या कहा?

इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा, 'हम ईरान में आतंकवादी शासन को कुचल रहे हैं. लेकिन हम ऐसा और भी ज्यादा जोर-शोर से और बढ़ती हुई ताकत के साथ कर रहे हैं. कल, हमने ट्रांसपोर्ट विमानों और दर्जनों हेलीकॉप्टरों को तबाह कर दिया. आज, हमने उन ट्रेन की पटरियों और पुलों पर हमला किया, जिनका इस्तेमाल रिवोल्यूशनरी गार्ड्स करते हैं.'

Apr 07, 2026 19:35 (IST)

ईरान के साथ बातचीत सकारात्मक रहीः अमेरिकी अधिकारी

अमेरिकी सरकार के एक अधिकारी ने फॉक्स न्यूज से कहा कि ईरान के साथ चल रही सीजफायर बातचीत अब तक "सकारात्मक" रही है, लेकिन यह अभी भी साफ नहीं है कि क्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की डेडलाइन को पूरा करने के लिए समय पर कोई समझौता हो पाएगा. उन्होंने कहा, 'हम ईरान के साथ पूरी तरह से संपर्क में हैं. बातचीत सकारात्मक रही है. अगर हमारी किस्मत अच्छी रही, तो दिन के आखिर तक हमारे पास कुछ होगा.'

Apr 07, 2026 19:13 (IST)

US Strike on Iran: ईरान ने अमेरिका से बातचीत के सभी रास्ते बंद किएः रिपोर्ट

तेहरान टाइम्स के अनुसार ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत के सभी डिप्लोमैटिक और इनडायरेक्ट चैनल बंद कर दिए हैं. मैसेज का कोई भी लेन-देन भी रोक दिया गया है. वहीं दूसरी ओर अल जरीरा की रिपोर्ट में 

पाकिस्तानी सूत्रों से दावा किया गया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिशें जारी हैं. रिपोर्ट के अनुसार दो पाकिस्तानी सूत्र जिन्हें इन चर्चाओं की जानकारी है, ने रॉयटर्स को बताया है कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिशें अभी भी जारी हैं. यह ऐसे समय हो रहा है जब ईरान पर हमले तेज़ हो गए हैं और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा तय की गई समय सीमा नजदीक आ रही है.

Apr 07, 2026 18:21 (IST)

रूस ने की सीजफायर की अपील

रूस ने अमेरिका-इजरायल और ईरान में सीजफायर की अपील की है. रूस ने कहा, 'ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बीच मध्य पूर्व का संकट बढ़ता जा रहा है, जिससे आम नागरिकों और परमाणु ठिकानों को लगातार नुकसान पहुंच रहा है. एक बड़ी तबाही का खतरा बढ़ रहा है, जिससे आम नागरिकों को भारी नुकसान पहुंचने के साथ-साथ वैश्विक ऊर्जा और खाद्य सुरक्षा को भी क्षति पहुंच सकती है. रूस ने तत्काल युद्धविराम की अपील की है.'

Apr 07, 2026 18:16 (IST)

जेडी वेंस ने कहा- अब गेंद ईरानियों के पाले में

ईरान पर जारी हमलों के बीच अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कहा कि अब गेंद ईरानियों के पाले में है. उन्होंने कहा कि 'जंग शुरू होने से पहले भी ईरानी बातचीत करने में बहुत तेज नहीं थे और अब भी नहीं है. कभी-कभी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक संदेश पहुंचने में थोड़ी देर हो जाती है लेकिन हमें भरोसा है कि हमें जवाब मिलेगा, चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्म. आज रात 8 बजे तक हमें ईरानियों से जवाब मिल जाएगा. मुझे उम्मीद है कि वे सही जवाब देंगे, क्योंकि हम ऐसी दुनिया चाहते हैं जहां तेल-गैस का प्रवाब बिना किसी रुकावट के हो.'

Apr 07, 2026 18:10 (IST)

जेडी वेंस बोले- युद्ध जल्द खत्म होगा

ट्रंप एक तरफ लगातार धमकियां दे रहे हैं. एक रात में पूरी सभ्यता खत्म करने की धमकियां दे रहे हैं. वहीं अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस का कहना है कि बहुत जल्द यह युद्ध खत्म हो जाएगा. उन्होंने कहा कि ईरान युद्ध के सैन्य मकसद पूरे हो चुके हैं.

Apr 07, 2026 18:09 (IST)

भारत में ईरानी राजदूत ने क्या कहा?

ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले जारी हैं. इस बीच भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने कहा 'हमने कहा था कि अगर आप जंग शुरू करेंगे तो उसे खत्म नहीं कर पाएंगे. और हमने फिर कहा है- अगर आप हमारे इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाएंगे तो.... पिछली गलतियों से सीखिए.'

Apr 07, 2026 17:51 (IST)

शारजाह में मिसाइल अटैक, 2 घायल

ईरान लगातार खाड़ी देशों पर हमला कर रहा है. UAE में शारजाह टेलीकॉम बिल्डिंग पर बैलिस्टिक मिसाइल से हमला हुआ है, जिसमें दो लोग घायल हो गए हैं. UAE के अधिकारियों ने बताया कि शारजाह सेंट्रल रीजन में थुराया टेलीकॉम कंपनी की इमारत पर ईरान की ओर से बैलिस्टिक मिसाइल दागी गई है. इस हमले में दो पाकिस्तानी नागरिक घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया है.

Apr 07, 2026 17:46 (IST)

ट्रंप बोले- आज रात पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी

डेडलाइन खत्म होने से पहले ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को धमकी दी है. ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा- 'आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा. मैं नहीं चाहता कि ऐसा हो, लेकिन शायद ऐसा ही होगा.' ट्रंप ने कहा कि 'हमें आज रात पता चल जाएगा, जो दुनिया के लंबे और जटिल इतिहास के सबसे अहम पलों में से एक है. 47 सालों की जबरदस्ती, भ्रष्टाचार और मौत का सिलसिला आखिरकार खत्म हो जाएगा.'

Apr 07, 2026 17:27 (IST)

ईरान दाग रहा इजरायल पर मिसाइल

ईरान लगातार मिसाइलों से इजरायल पर हमला कर रहा है. ईरान की IRGC ने बताया कि आज सुबह से 'ऑपरेशन ट्रू प्रॉमिस 4' की 99वीं लहर में कब्जे वाले फिलिस्तीन (इजरायल) को निशाना बनाया जा रहा है. ईरान ने इसका कोड नेम 'ओ फातिमा जहरा' यानी 'उन पर शांति हो' दिया है.

Apr 07, 2026 17:19 (IST)

खार्ग द्वीप में लगातार हो रहे धमाके

ईरान के खार्ग द्वीप पर अमेरिका-इजरायल लगातार हमले कर रहा है. यह वही द्वीप है जहां से ईरान का 90 फीसदी कच्चा तेल एक्सपोर्ट होता है. ईरान की अर्थव्यवस्था के लिए यह बहुत मायने रखता है.

Apr 07, 2026 17:06 (IST)

ईरानी की चेतावनी: अब संयम खत्म हो गया है

ईरान की IRGC ने पड़ोसी देशों को चेतावनी दी है. ईरान का कहना है कि अमेरिका के दोस्तों पर हमला किया जाएगा. ईरान ने कहा, 'हम अमेरिका और उसके पार्टनर्स के इंफ्रास्ट्रक्चर को इस तरह टारगेट करेंगे कि अमेरिका और उसके साथी सालों तक इस इलाके के तेल और गैस से दूर रहेंगे. अमेरिका के इलाके के पार्टनर्स को यह भी पता होना चाहिए कि आज तक, हमने अच्छे पड़ोसियों के लिए बहुत ज्यादा संयम बरता है.'

Apr 07, 2026 17:04 (IST)

ईरान के जवाबी हमले भी जारी

अमेरिका और इजरायल जहां मिलकर हमले कर रहे हैं तो वहीं ईरान के जवाबी हमले भी जारी हैं. ईरान ने इजरायल के पेट्रोकेमिकल ठिकानों को निशाना बनाया है. ईरानी सेना ने दावा किया है कि डिमोना के पास इजरायल के पेट्रोकेमिकल उद्योगों के साथ-साथ ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) और कुवैत में अमेरिकी आतंकी सेना के ठिकानों को ड्रोन हमलों से निशाना बनाया गया है. 

Apr 07, 2026 17:01 (IST)

सेंट्रल ईरान के रेलवे ब्रिज को इजरायल ने उड़ाया

इजरायल ने ईरान के काशान में रेलवे ब्रिज को उड़ा दिया है. इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई है. ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, सेंट्रल ईरान के काशान शहर में स्थित याह्या आबाद रेलवे पुल पर इजरायल ने हमला किया है. न्यूज एजेंसी ने इस्फहान के डिप्टी गवर्नर के हवाले से बताया है कि इस हमले में दो लोगों की मौत हो गई.

Apr 07, 2026 16:59 (IST)

ईरान के खार्ग द्वीप पर कई हमले

ईरान की इकॉनमी के लिए अहम माने जाने वाले खार्ग द्वीप पर एक के बाद एक कई हमले होने की खबरें हैं. ईरानी मीडिया ने भी इसकी पुष्टि की है. जानकारी के मुताबिक, इजरायल और अमेरिका ने मिलकर खार्ग द्वीप पर हमला किया है. यहां रडार स्टेशन, मिलिट्री बेस और डॉकिंग फैसेलिटी को निशाना बनाया गया है. वहीं, ईरान की इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) का कहना है कि अमेरिका अगर रेड लाइन पार करता है तो करारा जवाब दिया जाएगा.

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Washington Hotel Firing: Donald Trump के डिनर में कैसे हुई गोलीबारी? समझिए Timeline