- ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई है
- ईरान ने मध्य पूर्व में अपने सहयोगी देशों और अमेरिकी सैन्य अड्डों पर कई बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं
- UAE ने बताया कि दो दिनों में ईरान की ओर से 165 बैलिस्टिक मिसाइल, 2 क्रूज मिसाइल और 541 ड्रोन दागे गए हैं
ईरान पर अमेरिका और इजरायल के हमले के बाद मध्य पूर्व में हालात बिगड़ते जा रहे हैं. इन हमलों में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई की भी मौत हो गई है. इसके बाद हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं. अमेरिका और इजरायल से बदला लेने के लिए ईरान मध्य पूर्व में उसके सहयोगियों को निशाना बना रहा है. मध्य पूर्व के मुल्कों में मौजूद अमेरिकी सैन्य अड्डों पर हमले हो रहे हैं.
इस बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि दो दिन में ईरान की ओर से 165 बैलिस्टिक मिसाइल, 2 क्रूज मिसाइल और 541 ड्रोन दागे गए हैं. ईरानी हमलों में UAE में तीन लोगों के मारे जाने की खबर हैं. तीनों ही एशियाई नागरिक हैं. मारे गए लोगों में पाकिस्तानी, नेपाली और बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं.
UAE ने क्या बताया?
UAE के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को एक बयान जारी कर बताया कि 28 फरवरी से अब तक ईरान की ओर से 165 बैलिस्टिक मिसाइलें दागी गईं, जिनमें से 152 नष्ट हो गईं, जबकि 13 समुद्र में जा गिरीं. साथ ही 2 क्रूज मिसाइलें भी छोड़ी गई थीं, जिन्हें नष्ट कर दिया गया.
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि ईरान की तरफ से 541 ड्रोन दागे गए, जिनमें से 506 को नष्ट कर दिया गया, जबकि 35 देश के अंदरुनी इलाकों में गिरे. इससे कुछ नुकसान हुआ है और 3 लोगों की मौत हुई है.
इसके अलावा, ईरानी हमलों में मिस्र, इथियोपिया, फिलिपींस, पाकिस्तान, ईरान, भारत, बांग्लादेश, श्रीलंका, अजरबैजान, यमन, युगांडा, इरिट्रिया, लेबनान और अफगान के 58 नागरिक घायल हुए हैं.
कई इलाकों में गिरा मिसाइलों का मलबा
रक्षा मंत्रालय ने बताया कि एयर डिफेंस सिस्टम लगातार ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन को रोक रहा है. इस कारण अलग-अलग इलाकों में इनका मलबा गिरा है, जिससे कई लोगों की संपत्तियों को नुकसान हुआ है. रक्षा मंत्रालय ने कहा कि वह हाई अलर्ट पर है और किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार है.
विदेश मंत्री बोलीं- चुपचाप नहीं बैठेंगे
ईरान के हमलों के बाद अब मध्य पूर्व में तनाव बढ़ता जा रहा है. UAE की विदेश मंत्री रीम अल हाशिमी ने CNN से कहा कि हम अपना बचाव करने के तैयार हैं. उम्मीद करते हैं कि ऐसा न हो लेकिन हम चुपचाप नहीं बैठेंगे, क्योंकि हम पर लगातार हमले हो रहे हैं, जो गैर-कानूनी और गलत हैं.














