NRC और डिटेंशन सेंटर को लेकर कांग्रेस और बीजेपी एक दूसरे की पोल खोलने में बहुत मेहनत कर रहे हैं. इज़ इक्वल टू की मेरी थ्योरी को सही साबित करने की प्रतियोगिता के बीच हम आपको हम राष्ट्रपति का अभिभाषण सुनाना चाहते हैं. 20 जून 2019 को संसद के संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण मे कहा था कि मेरी सरकार ने यह तय किया है कि नेशनल रजिस्टर आफ सिटिज़न की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर अमल में लाया जाएगा. जबकि 20 दिसंबर को रामलीला मैदान में प्रधानमंत्री ने कहा कि मेरी सरकार ने एन आर सी पर कभी चर्चा ही नही की. कैमरे को भी जैसे पता है कि जब राष्ट्रपति एन आर सी ज़िक्र करेंगे तो किन्हें क्लोज़ अप में रखना है यानी किन्हें दिखाना है. गृहमंत्री अमित शाह ताली बजाते हुए देखे जा सकते हैं. यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि राष्ट्रपति ने जिस मेरी सरकार का ज़िक्र किया वो प्रधानमंत्री मोदी की ही सरकार थी। आखिर जब सरकार ने चर्चा ही नहीं कि तब राष्ट्रपति के अभिभाषण का हिस्सा कैसे बन गया।