सोचिए, अगर अचानक से आपके सामने बाघ आ जाए, तो क्या हालत होगी? खौफ के मारे पैरों तले जमीन खिसक जाएगी. कुछ ऐसा ही हुआ उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल में, जहां अचानक कुछ लोगों के सामने सड़क पर बाघ आ गया. दिन दहाड़े, दिन के उजाले में जंगल से निकलकर एक विशालकाय बाघ अचानक मुख्य सड़क पर आ गया. सड़क पर बाघ को टहलता देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और गाड़ी चालकों की सांसें थम गईं. टाइगर देखते ही किसी की चीखें निकल पड़ीं, कोई खौफजदा हो गया, कोई खुद को बचाने की कोशिश में जुट गया. लोगों ने तुरंत अपनी गाड़ियों के ब्रेक लगा दिए और सहम कर अंदर ही बैठे रहे. गनीमत ये रही कि बाघ ने किसी पर हमला नहीं किया. कुछ देर सड़क पर चहलकदमी करने के बाद वो शांति से दूसरी तरफ जंगल में चला गया.