चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री के राष्ट्रीय चेयरमैन बृजेश गोयल ने गृह मंत्रालय द्वारा जंतर मंतर पर प्रदर्शन की मान्यता रद्द करने के फैसले का स्वागत किया है. हालांकि, रामलीला मैदान को प्रदर्शन स्थल की लिस्ट में शामिल करने पर उन्होंने आपत्ति जताई है. एनडीटीवी से बातचीत में बृजेश गोयल ने कहा, "मैंने 10 अक्टूबर को प्रधानमंत्री मोदी को चिट्ठी लिखकर मांग की थी कि जंतर-मंतर और सेंट्रल दिल्ली में प्रदर्शन की इजाजत नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इससे दिल्ली के व्यापारियों को बहुत नुकसान होता है. मुझे खुशी है कि सरकार ने यह फैसला किया है. लेकिन जिन तीन जगह को प्रदर्शन करने के लिए मान्यता दी गई है उसमें रामलीला मैदान भी शामिल है. हमें इस पर आपत्ति है. रामलीला मैदान के आसपास पुरानी दिल्ली के सभी महत्वपूर्ण बाजार हैं जिसमें अजमेरी गेट, कमला मार्केट, दरियागंज, चावड़ी बाजार, पहाड़गंज, चांदनी चौक, सदर बाजार, भागीरथ प्लेस, नया बाजार, खड़ी बावली और कश्मीरी गेट शामिल हैं. अगर रामलीला मैदान में कोई बड़ा प्रदर्शन होता है, तो पुलिस सख्ती बरतेगी, सड़कों पर बैरिकेड लगाए जाएंगे. इससे इन सभी बाजारों में काम ठप्प हो जाएगा."