रामलीला मैदान में आज इंडिया ब्लॉक की वोट बचाओ, देश बचाओ महारैली का शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है. रैली के लिए बीती रात से ही हजारों कार्यकर्ता जुटने लगे हैं और सुबह होते-होते भीड़ बढ़ती जा रही है. लेकिन इस सियासी हलचल का सीधा असर रामलीला मैदान के 5 किलोमीटर के दायरे में आने वाले बड़े बाजारों पर पड़ा है. रामलीला मैदान के आसपास कश्मीरी गेट, मोरी गेट, चांदनी चौक, चावड़ी बाजार, खारी बावली, नया बाजार, सदर बाजार, अजमेरी गेट, दरियागंज, पहाड़गंज, कमला मार्केट, जामा मस्जिद, भागीरथ पैलेस, लाजपत राय मार्केट, किनारी बाजार, दरीबा कलां, बल्लीमारान, फतेहपुरी, तिलक बाजार, कनॉट प्लेस, पालिका बाजार, गफ्फार मार्केट जैसे बाजार आते हैं. इन बाजारों में लगभग 3 लाख दुकानें हैं और आज रविवार का दिन होने से यहां सामान्य तौर पर बड़ी ट्रेड होती है, लेकिन रैली की वजह से कारोबार ठप जैसा है.