मध्य प्रदेश कांग्रेस की खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है. जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है. यह वीडियो राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद बुलाई गई प्रेस कॉन्फ्रेंस का है. जिसमें नेताओं के बीच कुर्सी बदलने (चेयर शिफ्टिंग) को लेकर असहजता साफ दिखाई दे रही है. वीडियो में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह से कह रहे हैं "ऐसा कर लो तो हरीश चौधरी भी आ जाएंगे." इसके बाद दिग्विजय सिंह दूसरी कुर्सी पर चले जाते हैं. वीडियो सामने आने के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर हमला बोला. पार्टी के नेता ने कहा- कांग्रेस में वर्चस्व और कुर्सी की लड़ाई चल रही है, सभी नेता एक दूसरे को निपटने में लगे हैं.
दरअसल, कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने के बाद कांग्रेस की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई थी. कॉन्फ्रेंस शुरू होने से पहले नेता बैठ रहे थे. इस दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी सिटिंग अरेंजमेंट संभालते हुए नजर आ रहे हैं. कुर्सी पर बैठ चुके पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को हाथ से इशारा करते हुए पटवारी कहते हैं, "ऐसा कर लो तो हरीश चौधरी भी आ जाएंगे." जीतू पटवारी की यह बात सुनते ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह तुरंत अपनी कुर्सी छोड़कर साइड की तरफ जाने लगते हैं. पटवारी उन्हें बीच में टोकते हुए कहते हैं, "आप इधर ही रुक जाओ सर", लेकिन दिग्विजय सिंह उनकी बात अनसुनी कर बगल की कुर्सी पर जाकर बैठ जाते हैं. इसके बाद उनकी खाली हुई जगह पर हरीश चौधरी बैठते हैं.