झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ सोमवार को प्रदर्शन कर रहे हजारों छात्र, पुलिस के तमाम बैरिकेड तोड़कर विधानसभा के करीब पहुंच गए. विधानसभा के अंदर भी छात्र आंदोलन की गूंज रही. छात्रों को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया. इसके बावजूद प्रदर्शनकारियों का एक बड़ा समूह आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है. पुलिस ने जब छात्रों को रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया तो प्रदर्शनकारी पीछे हटने के बजाय पानी की बौछारों के बीच भी नारेबाजी करते नजर आए. कई छात्र वाटर कैनन की तेज धार के बीच खड़े होकर नारे लगाते और झूमते दिखाई दिए.
सोमवार को सदन की कार्यवाही भाजपा विधायकों की गैरमौजूदगी में शुरू हुई. सदन शुरू होने के पहले भाजपा विधायक नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की अगुवाई में सीएम हाउस घेरने पहुंच गए थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. निरसा के सीपीआई एमएल विधायक अरूप चटर्जी ने आंदोलनकारी छात्रों के साथ सरकार की बातचीत का पूरा ब्योरा सदन के पटल पर रखने की मांग की. इसके जवाब में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सरकार और छात्रों के बीच हुई बातचीत की जानकारी दी.