रांची में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस के लाठीचार्ज के विरोध में आज बीजेपी ने झारखंड बंद बुलाया है. इस दौरान रांची में काफी बवाल देखने को मिल रहा है. झारखंड की राजधानी रांची में जेएसएससी पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में धांधली के खिलाफ छात्रों ने विधानसभा मार्च किया. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के जन्मदिन पर निकले इस मार्च को रोकने के लिए पुलिस ने अभेद्य बैरिकेडिंग और कंटीले तारों का इस्तेमाल किया. जब छात्र आगे बढ़े तो उन पर वाटर कैनन, आंसू गैस के गोले छोड़े गए और कई बार लाठीचार्ज किया गया.छात्र सीबीआई जांच की मांग पर अड़े हैं. हालांकि, सरकार का दावा है कि 98% मांगें मान ली गई हैं और जेपीएससी के पूर्व चेयरमैन एल. खियांगते को गिरफ्तार कर लिया गया है.इस घटना पर सियासत भी तेज है. बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि जंतर-मंतर पर बोलने वाले विपक्षी नेता रांची में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज पर चुप क्यों हैं.