Dehradun Canal Incident: उत्तराखंड के विकासनगर में सामने आई यह घटना दिल को झकझोर देने वाली है. बताया जा रहा है कि शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे एक महिला अचानक अपनी दो छोटी बेटियों के साथ नहर में कूद गई. जैसे ही लोगों ने यह दृश्य देखा, वहां अफरातफरी मच गई. किसी को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर यह सब कैसे हो गया.
राहगीर बने फरिश्ते, बच्चियों को बचाया
नहर में तीनों को बहता देख मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बिना देर किए अपनी जान जोखिम में डाल दी. उन्होंने तेजी से बहते पानी में उतरकर किसी तरह दोनों बच्चियों को बाहर निकाल लिया. ये पल किसी फिल्मी दृश्य से कम नहीं थे, जहां वक्त रहते मदद पहुंची और दो जिंदगियां बच गईं.
मां तेज बहाव में लापता
हालांकि बच्चियों को बचा लिया गया, लेकिन उनकी मां नहर के तेज बहाव में बह गई. काफी तलाश के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका है. पुलिस और SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक महिला का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
मौत के मुंह से लौटीं दोनों बच्चियां
बचाई गई बच्चियों में एक करीब 3 साल की आरवी है, जबकि दूसरी महज 3 महीने की नवजात है. दोनों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
महिला की पहचान और पारिवारिक स्थिति
पुलिस के अनुसार, महिला की पहचान 28 वर्षीय किरन चंदेल के रूप में हुई है, जो मंडी चौक, विकासनगर की रहने वाली थी. उसने साल 2020 में प्रेम विवाह किया था. उसका पति हैदराबाद में नौकरी करता है और कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आया था, लेकिन घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था.
क्यों उठाया इतना बड़ा कदम?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर महिला ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया. फिलहाल इस मामले में वजह साफ नहीं हो पाई है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है. विकासनगर के पुलिस क्षेत्राधिकारी विवेक कुठियाल ने बताया कि महिला की तलाश के लिए SDRF की टीम नहर में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है. साथ ही बच्चियों के इलाज पर भी नजर रखी जा रही है.














