Haldwani News: हल्द्वानी जिले में प्रशासन ने सरकारी कार्यालयों में अनुशासन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सख्त कदम उठाते हुए हाइडिल विभाग के सेकेंडरी वर्क डिविजन कार्यालय पर अचानक छापेमारी की. काठगोदाम स्थित इस कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान कार्यालय सहायक दीपक बोरा को नशे की हालत में पाया गया. मौके पर ही सिटी मजिस्ट्रेट ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए. NDTV के लिए हल्द्वानी से हर्ष रावत की रिपोर्ट.
शराब पीकर दफ्तर आने की मिली थी शिकायत
जानकारी के अनुसार, कार्यालय सहायक दीपक बोरा के शराब पीकर कार्यालय आने की शिकायत प्रशासन को मिली थी. शिकायत की गंभीरता को देखते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने बिना पूर्व सूचना के टीम के साथ कार्यालय में छापा मारा, ताकि शिकायत की सच्चाई का पता लगाया जा सके. छापेमारी के दौरान दीपक बोरा कार्यालय में नशे की हालत में मौजूद पाए गए.
मौके पर ही हुई सख्त कार्रवाई
नशे की पुष्टि होते ही सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने कार्यालय सहायक को कड़ी फटकार लगाई और सरकारी सेवा नियमों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए तत्काल निलंबन के आदेश जारी किए. इसके साथ ही उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए हल्द्वानी के बेस अस्पताल भेजा गया, ताकि चिकित्सकीय जांच के माध्यम से नशे की पुष्टि की जा सके.
विभाग में मचा हड़कंप
प्रशासन की इस अचानक की गई कार्रवाई से हाइडिल विभाग में हड़कंप मच गया है. कर्मचारियों में इस घटना के बाद स्पष्ट संदेश गया है कि कार्यालय समय के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता या गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इस तरह की औचक निरीक्षण और कार्रवाई जारी रहेगी.
अन्य कर्मचारियों के लिए सख्त संदेश
प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी कार्यालयों में वर्क कल्चर और अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. कर्मचारियों से उम्मीद की जा रही है कि वे अपने दायित्वों का ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें. नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कदम उठाए जाएंगे.
यह भी पढ़ें : ओडिशा बना नक्सल-मुक्त, 156 माओवादी ढेर या सरेंडर; NDTV एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में ADG संजीव पांडा का दावा
यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ को 370 नई एम्बुलेंस, CM साय ने दिखाई हरी झंडी; शहर में 15 और गांव में 30 मिनट में पहुंचेगी 108 सेवा
यह भी पढ़ें : हरदोई में जेल से छूटते ही शक्ति प्रदर्शन, यदुनंदन लाल वर्मा समेत कई पर केस
यह भी पढ़ें : पिता का साया छिना, मां ने खेती-बारी कर पाला, अब संघर्षों की भट्ठी में तपकर 'सोना' बने झारखंड के अंजित मुंडा














