- प्रयागराज के फाफामऊ थाना क्षेत्र में एक युवती पुलिस से शिकायत पर मुकदमा दर्ज न होने पर पानी की टंकी पर चढ़ गई.
- युवती पल्लवी सिंह उर्फ चीकू सिंह अपने पति मोहम्मद आलम के साथ विवाद के कारण यह हाई-वोल्टेज ड्रामा कर रही है.
- पल्लवी ने आरोप लगाया कि उसके पति के साथियों ने उसके घर का ताला तोड़कर सामान गायब कर दिया था.
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में गंगानगर जोन के फाफामऊ थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर उस समय अफरा‑तफरी मच गई, जब एक युवती अपनी शिकायत पर मुकदमा दर्ज न होने से नाराज होकर पानी की टंकी पर चढ़ गई. टंकी पर चढ़कर युवती ने काफी देर तक हाई‑वोल्टेज ड्रामा किया और लगातार अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाती रही. युवती का कहना है कि जब तक पुलिस उसकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं करती, तब तक वह नीचे नहीं उतरेगी. फिलहाल मौके पर पुलिस बल तैनात है.
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई. फाफामऊ थाना पुलिस के साथ एसीपी थरवई अरुण पाराशर भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और युवती को समझाने का प्रयास शुरू किया. एसीपी अरुण पाराशर के अनुसार, टंकी पर चढ़ी युवती की पहचान पल्लवी सिंह उर्फ चीकू सिंह के रूप में हुई है. उन्होंने बताया कि पल्लवी का अपने पति मोहम्मद आलम के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा है.
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच मोबाइल, मकान और अन्य मुद्दों को लेकर पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और एक‑दूसरे के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं. पल्लवी का आरोप है कि उसके पति के कुछ साथियों ने उसके घर का ताला तोड़कर सामान गायब कर दिया. इसी मामले में कार्रवाई न होने से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया. एसीपी के मुताबिक, युवती से लगातार बातचीत की जा रही है और उसे आश्वासन दिया गया है कि उसके प्रार्थना‑पत्र पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. साथ ही उसके परिजनों से भी संपर्क साधा जा रहा है. पुलिस को उम्मीद है कि समझाइश के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आएगी. बताया जा रहा है कि पल्लवी सिंह मूल रूप से बलिया की रहने वाली है और उसके खिलाफ भी पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं.
ये भी पढ़ें : AEDO परीक्षा पेपर लीक को लेकर एक्शन में BPSC: Sai Educare Pvt. Ltd. को किया गया ब्लैकलिस्ट













