- उत्तर प्रदेश के हाथरस में यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी.
- हादसे में तीन महिलाएं और तीन पुरुष मारे गए जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं
- वैन में सवार सभी लोग दिल्ली के निवासी थे जो धौलपुर जा रहे थे और अलग-अलग परिवार से थे
होली के त्योहार से एक दिन पहले उत्तर प्रदेश के हाथरस में बड़ा हादसा हो गया. इस भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मंगलवार तड़के दिल्ली से धौलपुर जा रहे इको कार सवारों को डबल डेकर बस ने जोरदार टक्कर मार दी. यह हादसा तड़के 4 बजे यमुना एक्सप्रेसवे पर हुआ.यमुना एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर स्लीपर बस ने एक वैन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे तीन महिलाओं सहित छह लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. पुलिस ने बताया कि हादसा तड़के चार बजकर 20 मिनट पर सादाबाद थाना क्षेत्र के हरिया गढ़ी गांव के पास हुआ.
ये भी पढ़ें- Exclusive: 'ग्रेट फ्रेंड PM मोदी से बात की, इजरायल को समर्थन के लिए उनका धन्यवाद', NDTV से बोले नेतन्याहू
स्लीपर बस ने वैन को मारी जोरदार टक्कर
पुलिस के मुताबिक, वैन में सवार 13 लोग दिल्ली के प्रेम नगर से राजस्थान के धौलपुर जा रहे थे. तभी नोएडा से गोरखपुर जा रही स्लीपर बस ने वैन को पीछे से टक्कर मार दी. सभी वैन सवार सभी लोग दिल्ली के निवासी थे और अलग-अलग परिवार से थे. अधिकारियों ने बताया कि हादसे में वैन में सवार तीन महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई. तीन बच्चों, दो पुरुषों और एक महिला सहित छह अन्य को गंभीर चोटें आई हैं. गनीमत ये रही कि इस हादसे में वैन चालक सुरक्षित है.
PTI फोटो.
बच्चों, महिलाओं समेत 4 लोग गंभीर रूप से घायल
अधिकारियों ने बताया कि घायल बच्चों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनमें से दो की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है. सूचना मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक राम आनंद कुशवाह, सादाबाद के क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. मामले की जांच जारी है.














