UP: यमुना में नहाते समय किशोरियों का बनाया वीडियो, घरवालों ने डांटा तो आहत लड़कियों ने खाया जहर

Chitrakoot News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में दो किशोरियों ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश की. फिलहाल उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

UP News: उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिले में दो किशोरियों ने जहर खाकर जान देने की कोशिश की. उन्होंने यह आत्मघाती कदम तब उठाया, जब वह यमुना नदी में नहा रही थीं और तभी कुछ लोगों ने उनका वीडियो बना लिया. इस मामले में पहाड़ी थाना पुलिस जांच में जुटी है. साथ ही किशोरियों को अस्पताल में भर्ती कराया है.

चित्रकूट के एसपी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पहाड़ी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से सूचना मिली थी कि दो किशोरियों को जहर खाने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया है, जिनकी उम्र 16 और 17 वर्ष है. पुलिस जब अस्पताल पहुंची तो उन्हें करवी के जिला अस्पताल में रेफर कराया. बाद में उन्हें बांदा के रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया.

परिजनों ने किशोरियों को डांटा

जब किशोरियों को अस्पताल लाया जा रहा था तब पुलिस को उन्होंने बताया कि वह गुरुवार को यमुना नदी में नहा रही थीं. उसी दौरान कुछ लोगों ने उनका वीडियो बना लिया और तस्वीरें भी खींच लीं. इस बात पर किशोरियों के परिजनों ने उन्हें खूब डांटा. इसी से परेशान होकर दोनों ने जहर खा लिया. अब पुलिस मामले की जांच कर रही है और इसके लिए तीन टीमें तैनात की गई हैं.

परिवार से भी बातचीत कर रही पुलिस

एसपी ने बताया कि पुलिस की पहली टीम को लड़कियों के इलाज की निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है. दूसरी टीम उनके परिवार के सदस्यों के साथ समन्वय कर रही है और तीसरी टीम सक्रिय रूप से उन लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने लड़कियों का वीडियो बनाया था.

Advertisement

ये भी पढ़ें- ग्राम प्रधानों का 1 साल बढ़ेगा कार्यकाल! यूपी पंचायत चुनाव टलने से प्रशासकीय समिति को मिल सकती है जिम्मेदारी

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | HC Verdict On Bhojshala | भोजशाला में अब नमाज नहीं, भड़के मुस्लिम? | MP News | Viral