इंस्टाग्राम वाले 'इश्क' का खौफनाक अंत: लव मैर‍िज का दबाव बनाया तो 12वीं के छात्र ने ली 10वीं की छात्रा की जान 

उत्‍तर प्रदेश के प्रयागराज के सरायइनायत इलाके में एक नाबालिग छात्र ने अपनी नाबालिग प्रेमिका की धारदार हथियार से हत्या कर दी. आरोपी छात्रा द्वारा शादी के लिए दबाव बनाए जाने से नाराज था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शव बरामद कर लिया है.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के गंगानगर जोन अंतर्गत सरायइनायत थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ एक नाबालिग छात्र ने अपनी 17 वर्षीय नाबालिग प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी. हत्या की वजह सिर्फ इतनी थी कि प्रेमिका अपने बॉयफ्रेंड पर शादी करने का दबाव बना रही थी. यही बात प्रेमी को नागवार गुजरी और उसने धारदार हथियार से छात्रा को मौत के घाट उतारने के बाद उसकी लाश को नहर के पास झाड़ियों में फेंक दिया. फिलहाल, पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है.

20 अप्रैल से लापता थी छात्रा
मामला गंगानगर जोन के सरायइनायत क्षेत्र स्थित जमुनीपुर गांव का है. जानकारी के मुताबिक, 20 अप्रैल को नाबालिग छात्रा के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक नाबालिग लड़का उनकी बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है. पुलिस तभी से छात्रा की बरामदगी के प्रयास में जुटी थी. जांच के दौरान पुलिस ने जब संदेही नाबालिग छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसकी निशानदेही पर गांव के पास ही एक नहर की झाड़ियों से छात्रा का शव बरामद हुआ.

डीसीपी का बयान और हत्या की वजह

गंगानगर जोन के डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि आरोपी छात्र और मृतका के बीच पहले से जान-पहचान थी और दोनों में बातचीत होती थी. 20 अप्रैल को आरोपी ने छात्रा को फोन करके घर से बुलाया और अपनी बाइक पर बैठाकर नहर की ओर ले गया. वहाँ विवाद होने पर आरोपी ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को मऊआइमा स्थित नहर के पास झाड़ियों में छिपा दिया. पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि लड़की उस पर लगातार शादी का दबाव बना रही थी, जिससे तंग आकर उसने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची.

इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों की दोस्ती सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'इंस्टाग्राम' के जरिए शुरू हुई थी. मृतक छात्रा 10वीं कक्षा में पढ़ती थी, जबकि आरोपी 12वीं का छात्र है. पुलिस ने अब एफआईआर में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ दी हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस को अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है ताकि मौत का सटीक कारण और अन्य पहलुओं की पुष्टि हो सके.

Advertisement

परिजनों के गंभीर आरोप

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद मृतका की बुआ ने बताया कि उनकी भतीजी की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए उस लड़के से हुई थी. लड़के ने उसे झांसा दिया था कि उसके मामा का घर वहीं पास में है. जब परिजनों ने लड़के के मामा से पूछताछ की थी, तो उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार कर दिया था. वहीं, मृतका की छोटी बहन ने बताया कि 20 अप्रैल को उसकी बहन स्कूल जाने के नाम पर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. बहन ने यह भी आरोप लगाया कि मृतका घर से कुछ जेवर भी साथ ले गई थी. परिजनों का स्पष्ट कहना है कि जिस लड़के से वह फोन पर बात करती थी, उसी ने उसकी हत्या की है. फिलहाल, पुलिस इस सनसनीखेज मामले के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें- BJP नेता सुवेंदु अधिकारी के पीए की हत्या में इस्तेमाल हुई बाइक को लेकर हुआ बड़ा खुलासा 

Featured Video Of The Day
Syed Suhail | Bengal Politics | 1 महीने के अंदर टूट गई ममता की पार्टी? |Bharat Ki Baat Batata Hoon