प्रेमिका ही निकली प्रेमी की कातिल! पति, सास और देवर के साथ मिलकर की बेरहमी से हत्या

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां प्रेमिका ने ही पति, सास और देवर के साथ मिलकर प्रेमी की बेरहमी से हत्या कर दी. पहले हथौड़े से वार किया गया और फिर शव को पहचान छिपाने के लिए कई बार जलाया गया.

विज्ञापन
Read Time: 3 mins

Girlfriend Killed Lover: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले से सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने सभी को हैरान कर दिया है. पांच दिन पहले ब्यौना रोड पर मिले एक अधजले शव की गुत्थी जब पुलिस ने सुलझाई, तो चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई. जिस महिला ने कभी अपने प्रेमी के साथ जीने‑मरने की कसमें खाई थीं, वही उसकी सबसे बड़ी दुश्मन बन निकली. प्रेमी को घर बुलाकर पति और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर उसकी बेहद क्रूर तरीके से हत्या कर दी गई.

अधजले शव से शुरू हुई जांच

मामला 24 मार्च की रात का है, जब कैलिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि ब्यौना रोड पर एक जला हुआ शव पड़ा है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच की तो शव 25 से 30 वर्ष के युवक का पाया गया. पहचान न हो पाने के कारण शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और मामले के खुलासे के लिए अलग‑अलग पुलिस टीमें लगाई गईं.

पिता ने की शव की पहचान

25 फरवरी को रेंढ़र थाना क्षेत्र के ऊमरी का पुरा गांव निवासी गिरजा शंकर ने उरई के पोस्टमार्टम हाउस में शव की पहचान अपने 24 वर्षीय बेटे अमित के रूप में की. उन्होंने गांव की ही एक महिला शीतल और उसके ससुराल वालों पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया. पिता ने बताया कि शीतल, अमित की प्रेमिका थी, जिसकी शादी एक साल पहले कैलिया निवासी कुलदीप दोहरे से हुई थी.

प्रेम संबंध बना हत्या की वजह

जांच में सामने आया कि शीतल और अमित के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन शादी के बाद भी दोनों का संपर्क बना रहा. शीतल के पति कुलदीप को जब इस रिश्ते की जानकारी हुई, तो घर में तनाव बढ़ने लगा. अमित को रास्ते से हटाने की साजिश यहीं से रची गई.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, 24 मार्च को शीतल ने फोन कर अमित को अपने घर बुलाया. जैसे ही वह घर पहुंचा, पति‑पत्नी ने मिलकर उस पर हथौड़े और डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इसके बाद शव की पहचान छिपाने के लिए उसे जला दिया गया.

तीन बार जलाया गया शव

जब घर में शव पूरी तरह से नहीं जला, तो आरोपी और घबरा गए. इसके बाद शीतल ने अपने परिवार की मदद से शव को दोबारा जलाने की योजना बनाई. पति, सास और ममेरे भाई की मदद से शव को ब्यौना रोड पर ले जाकर दोबारा जलाया गया, ताकि पहचान पूरी तरह मिटाई जा सके.

Advertisement

चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए शीतल, उसके पति कुलदीप, सास मिथलेशी और ममेरे भाई अमित को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा, डंडा और मृतक के कपड़े भी बरामद किए गए हैं.

जेल भेजने की तैयारी

रविवार को एसपी जालौन डॉ. दुर्गेश कुमार ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि यह हत्या पूरी तरह से साजिश के तहत की गई थी. प्रेम संबंध उजागर होने के बाद अमित को मारने की योजना बनाई गई और फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया गया. फिलहाल चारों आरोपियों को पुलिस हिरासत में लेकर कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है. 

Featured Video Of The Day
Iran Arrest Indians: जंग के बीच ईरान की जेल से छूटे भारतीयों ने खोले बड़े राज! | Strait of Hormuz