हापुड़: प्रेमिका को वश में करने के लिए जलती चिता से खोपड़ी उठा ले गया प्रेमी, पुलिस भी हैरान

Hapur News: अवधेश ने अमन को झांसा दिया कि अगर वह जलती चिता से मानव खोपड़ी लेकर आएगा, तो घर की परेशानियां दूर हो जाएगी और प्रेमिका भी उसे मिल जाएगी.

विज्ञापन
Read Time: 2 mins

यूपी के हापुड़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़कर एक युवक ने अपने साथियों के साथ जलती चिता से खोपड़ी निकाल ली. पुलिस ने इस मामले में तांत्रिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह पूरा मामला हापुड़ के देहात थाना क्षेत्र का है, जहां तीन दिन पहले श्मशान घाट में जलती चिता से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था. जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

जलती चिता से खोपड़ी उठा ले आया आरोपी

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी अमन एक लड़की से एकतरफा प्यार करता था. उसे और उसके परिवार को वश में करने के लिए तांत्रिक के संपर्क में आ गया. तांत्रिक अवधेश शर्मा ने उसे चिता से खोपड़ी लाने की सलाह दी, जिसके बाद यह पूरी साजिश रची गई. बताया जा रहा है कि जिस चिता से अवशेष निकाले गए, वह 16 वर्षीय शुभांशु की थी, जिसकी बीमारी के चलते मौत हो गई थी. अंतिम संस्कार के बाद जैसे ही परिजन वहां से गए, आरोपी मौके पर पहुंचे और चिता से अवशेष लेकर फरार हो गए.

50 से ज्यादा तस्वीरें बरामद

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से 50 से ज्यादा लोगों की तस्वीरें भी बरामद हुई हैं, जिनका इस्तेमाल कथित तौर पर तंत्र-मंत्र में किया जाता था.  पुलिस का कहना है कि शव पूरी तरह जल चुका था और आरोपियों ने सिर्फ हड्डियां और राख उठाई थी. फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी पहले कितने लोगों को इस तरह के झांसे में फंसा चुके हैं.

तीन आरोपी गिरफ्तार

फिलहाल तीनों आरोपी सलाखों के पीछे हैं, लेकिन यह मामला एक बार फिर अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर हो रहे अपराधों की हकीकत उजागर करता है. आरोपी अमन ने बताया कि बाबा ने मुझसे कहा था कि वो मेरे घर की परेशानियां दूर कर देंगे और मेरी प्रेमिका को मुझसे मिला देंगे. इसी भरोसे में मैं उनके पास चला गया था.

Advertisement
हापुड़ से मोहम्मद अदनन की रिपोर्ट
Featured Video Of The Day
Thalapathy Vijay May 7 को लेंगे Tamil Nadu CM Oath? लेकिन 10 Seats का है बड़ा सस्पेंस
Topics mentioned in this article